बिजनेस

रुपये में उछाल! डॉलर के सामने आज इतने पैसे हुआ मजबूत, चेक करें ताजा एक्सचेंज रेट

कच्चे तेल की कीमत में गिरावट जारी रहने से रुपये में मजबूती लौट रही है। सोमवार के शुरुआती ट्रेडिंग में रुपया मजबूत खुला है।

Image

डॉलर बनाम रुपया

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन रुपये में आज मजबूती देखने को मिल रही है। रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.25 पर ट्रेड कर रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को समर्थन मिला, हालांकि मजबूत अमेरिकी डॉलर और निवेशकों की सीमित जोखिम लेने की प्रवृत्ति का असर बाजार धारणा पर पड़ा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतें अनुकूल रहने और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार के कारण रुपये ने सकारात्मक शुरुआत की। रुपये के प्रति समग्र रुझान सकारात्मक बना हुआ है, लेकिन तत्काल चुनौती मजबूत अमेरिकी डॉलर है जो अब भी 13 महीने के उच्च स्तर के करीब बना हुआ है। जानकारों का कहना है कि रुपये में आगे भी मजबूती जारी रह सकती है। ईरान संकट खत्म होने से विदेशी निवेश की वापसी और रुपये में मजबूती देखने को मिलेगी।

गुरुवार को 94.45 पर बंद हुआ था

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.36 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में मजबूती के साथ 94.25 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 20 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.45 पर बंद हुआ था। मुहर्रम के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर, मुद्रा और जिंस बाजार बंद रहे थे। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.37 पर रहा।

शेयर बाजार में गिरावट

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 63.65 अंक टूटकर 77,047.63 अंक पर जबकि निफ्टी मामूली रूप से 16.55 अंक की बढ़त के साथ 24,070.20 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.51 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। हालांकि, यह अब भी अपेक्षाकृत अनुकूल स्तर पर है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 383.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article