बिजनेस

ITR Filing: कंपनी से मिल गया Form 16? रिटर्न भरने से पहले इन 5 चीजों को जरूर चेक करें

अगर आपको अपनी कंपनी से फॉर्म 16 मिल गया है तो रिटर्न भरने में जल्दबाजी नहीं करें। फॉर्म में दी गई जानकारी को अच्छे से चेक करें। फिर रिटर्न फाइल करें।

Image

इनकम टैक्स रिटर्न

ITR Filing 2026: इनकम टैक्स रिटर्न भरने का सीजन चल रहा है। सैलरीपेशा लोगों को कंपनी की ओर से Form 16 दिए जा रहे हैं। अगर आप भी नौकरी करते हैं और आपकी कंपनी से फॉर्म 16 मिल गया है तो रिटर्न भरने से पहले कई चीजों का चेक करना बहुत ही जरूरी है। ऐसा कर आप बाद में आने वाली परेशानी से बच सकते हैं। बता दें कि फॉर्म 16 दो हिस्सों में बंटा होता है। पार्ट A एक समेकित स्टेटमेंट है, जिसमें एम्प्लॉयर, एम्प्लॉई और सरकार के पास जमा TDS की जानकारी होती है। पार्ट B में सैलरी, छूट, क्लेम की गई कटौती और टैक्स कैलकुलेशन का पूरा ब्योरा होता है। आइए जानते हैं कि नौकरीपेशा लोगों को फॉर्म 16 का इस्तेमाल करने से पहले क्या चेक कर लेना चाहिए?

फॉर्म 16 में क्या चेक करें?

1. फॉर्म 16 में सबसे पहले अपनी पर्सनल और नौकरी से जुड़ी जानकारी को वेरिफाई करें।

  • नाम
  • PAN
  • एम्प्लॉयर का नाम
  • TAN
  • फाइनेंशियल ईयर
  • असेसमेंट ईयर जैसी जानकारियों को ध्यान से चेक करें।

2. टैक्स कानूनों का पालन करते हुए सही ITR फाइलिंग सुनिश्चित करने के लिए, फॉर्म 16 में दी गई सैलरी की जानकारी को मंथली पे-स्लिप और सालाना सैलरी स्टेटमेंट से मिलाएं।

3. सभी डिडक्शन और अतिरिक्त इनकम की जानकारी को ध्यान से देखें। पक्का करें कि सेक्शन 80C, 80D और 80CCD के तहत क्लेम किए गए टैक्स-बचत इन्वेस्टमेंट सही ढंग से दिखाए गए हैं, खासकर अगर आप पुरानी टैक्स व्यवस्था (old regime) के तहत इनकम फाइल करना चाहते हैं।

4. ITR फाइल करने से पहले फॉर्म 16 की जानकारी को अपने एनुअल इन्फॉर्मेशन स्टेटमेंट (AIS) और फॉर्म 26AS से मिलाएं। AIS एक ऐसा स्टेटमेंट है जो किसी खास फाइनेंशियल ईयर के लिए टैक्सपेयर के बारे में पूरी जानकारी देता है। फॉर्म 26AS आपका सालाना टैक्स क्रेडिट स्टेटमेंट होता है। चेक करें कि सैलरी से इनकम, TDS, ब्याज से इनकम, डिविडेंड और दूसरे रिपोर्ट किए गए ट्रांजैक्शन मेल खाते हैं या नहीं। साथ ही, यह भी वेरिफाई करें कि आपके एम्प्लॉयर द्वारा काटा गया TDS आपके PAN के सामने फॉर्म 26AS में सही ढंग से दिख रहा है।

5. अगर आपको फॉर्म 16 में कोई गलती दिखे, जैसे कि गलत सैलरी का आंकड़ा, डिडक्शन या TDS की जानकारी, तो समस्या को ठीक करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए तुरंत अपने एम्प्लॉयर से संपर्क करें।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article