ITR Filing At Record Level: इस बार ITR फाइलिंग का नया रिकॉर्ड बन गया है। 31 अक्टूबर तक 7.85 करोड़ रिटर्न फाइल किए गए हैं, जो अभी तक का सबसे ज्यादा नंबर है। इनकम टैक्स विभाग द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में 31 अक्टूबर तक कुल 7.85 करोड़ रिटर्न भरे जा चुके हैं। और इसमें से अब तक 7.51 करोड़ रिटर्न का वैरिफिकेशन भी हो चुका है। यही नहीं इस रिकॉर्ड को लेकर इनकम टैक्स विभाग ने समय पर कंप्लायंस के लिए टैक्सपेयर्स और टैक्स प्रोफेशनल की तारीफ भी की है।
पिछले साल से करीब एक करोड़ ज्यादा
इनकम टैक्स विभाग ने द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए 31 अक्टूबर तक कुल 7.85 करोड़ रिटर्न भरे गए हैं। जबकि पिछले साल असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए 7 नवंबर, 2022 तक 6.85 करोड़ रिटर्न भरे गए थे। इसके अलावा अब तक भरे गए कुल रिटर्न में से 7.51 करोड़ रिटर्न का वैरिफिकेशन पहले ही हो चुका है। साथ ही इसमें से 7.19 करोड़ रिटर्न की प्रोसेसिंग 31 अक्टूबर, 2023 तक की जा चुकी है। यानी 96 पर्सेंट वेरिफाइड ITR की प्रोसेसिंग पूरी हो गई है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह भी दावा है कि रिटर्न और अन्य फॉर्म भरने की आखिरी तारीख के दौरान भी उसके पोर्टल पर किसी तरह की तकनीकी दिक्कत नहीं देखने को मिली।
सेवा निर्यात घटा
देश का सेवा निर्यात सितंबर में सालाना आधार पर 2.7 प्रतिशत घटकर 28.42 अरब डॉलर रह गया जबकि सेवाओं के आयात में 10.3 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई है। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में सेवाओं का आयात 14.59 अरब डॉलर रहा। सितंबर तिमाही के तीनों माह में सेवाओं का आयात घटा है।वहीं जुलाई-सितंबर तिमाही के सिर्फ एक महीने सितंबर में सेवा क्षेत्र का निर्यात घटा है। इसके पहले जुलाई और अगस्त के महीनों में सेवा क्षेत्र के निर्यात में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
