बिजनेस

हर महीने बढ़ता जा रहा है आपका Credit Card Bill? फालतू खर्चों की ऐसे करें पहचान

क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने के साथ हर महीने क्रेडिट कार्ड बिल बढ़ता ही जाता है। ऐसे में क्रेडिट कार्ड बिल को कम करने के लिए फालतू खर्चों की पहचान किया जाना जरूरी हो जाता है।

Image

हर महीने क्यों बढ़ता जा रहा है क्रेडिट कार्ड बिल (Photo: iStock)

क्रेडिट कार्ड की मदद से खरीदारी और भुगतान करना आसान हो जाता है, लेकिन इसका एक बड़ा नुकसान यह है कि कई बार खर्च करते समय पैसों के तुरंत खाते से निकलने का एहसास नहीं होता। यही वजह है कि हर महीने क्रेडिट कार्ड का बिल बढ़ता जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि पैसा कहां और किन चीजों पर ज्यादा खर्च हो रहा है। खर्चों की सही पहचान कर क्रेडिट कार्ड बिल को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है-

पिछले 2-3 महीनों के स्टेटमेंट देखें

क्रेडिट कार्ड बिल कम करने की शुरुआत पिछले 2-3 महीनों के स्टेटमेंट को देखने से करें। हर ट्रांजैक्शन को ध्यान से चेक करें और खर्चों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटें, जैसे राशन, बिल, ऑनलाइन शॉपिंग, बाहर खाना, मनोरंजन और दूसरी खरीदारी। ऐसा करने से आपको पता चलेगा कि सबसे ज्यादा पैसा किस तरह के खर्च पर जा रहा है।

गैर-जरूरी खर्चों को पहचानें

फालतू खर्च पहचानने का आसान तरीका यह है कि हर खरीदारी से पहले खुद से पूछें कि क्या इसकी वास्तव में जरूरत थी। अगर किसी सामान के बिना आपका काम आसानी से चल सकता था और आपने सिर्फ ऑफर या डिस्काउंट देखकर उसे खरीदा, तो उसे गैर-जरूरी खर्च माना जा सकता है।

ऑटोमैटिक पेमेंट चेक करें

सब्सक्रिप्शन भी क्रेडिट कार्ड बिल बढ़ाने की एक वजह हो सकते हैं। कई बार OTT प्लेटफॉर्म, म्यूजिक ऐप, क्लाउड स्टोरेज, फिटनेस ऐप या दूसरे डिजिटल सब्सक्रिप्शन के पैसे हर महीने अपने आप कटते रहते हैं। स्टेटमेंट में ऐसे सभी ऑटोमैटिक पेमेंट चेक करें और जिन सेवाओं का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें बंद करने पर विचार करें।

छोटे-छोटे खर्चों को नजरअंदाज न करें

इसके अलावा बार-बार बाहर से खाना मंगाना, कैब या डिलीवरी पर छोटी-छोटी रकम खर्च करना और सेल के दौरान गैर-जरूरी सामान खरीदना भी बजट बिगाड़ सकता है। इन खर्चों की एक महीने की कुल रकम देखकर आपको अंदाजा हो सकता है कि छोटी रकम मिलकर कितना बड़ा खर्च बन रही है।

एक मंथली लिमिट तय करें

क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय एक मंथली लिमिट तय करना भी मददगार हो सकता है। उदाहरण के लिए अगर आपने तय किया है कि महीने में क्रेडिट कार्ड से 10,000 से ज्यादा खर्च नहीं करना है, तो स्टेटमेंट और ट्रांजैक्शन पर नजर रखें।

सबसे जरूरी बात यह है कि क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर और संभव हो तो पूरा चुकाएं। केवल न्यूनतम भुगतान करते रहने से बकाया रकम पर ब्याज और दूसरे शुल्क लग सकते हैं, जिससे कर्ज बढ़ सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article