Happy Diwali 2025: आज पूरे देश में प्रकाश पर्व का त्योहार दिवाली जोर-शोर से मनाया जा रहा है। हालांकि, शेयर बाजार निवेशकों के मन में असमंजस है कि भारतीय शेयर बाजार सोमवार यानी आज दिवाली के दिन खुला है या बंद? अगर आप भी शेयर बाजार निवेशक हैं और इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आइए हम आपको बताते हैं कि आज शेयर बाजार खुला है या बंद?
2025 में शेयर बाज़ार की छुट्टियों की सूची के अनुसार, 21 अक्टूबर और 22 अक्टूबर को शेयर बाजार बंद रहेगा। यानी आज दिवाली के रोज बाजार बंद नहीं है। आम दिन की तरह ही दिवाली के दिन शेयर बाजार में ट्रेडिंग होगी।
मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए मंगलवार को 1 घंटे खुलेगा बाजार
मंगलवार को मुहूर्त ट्रेडिंग है। बीएसई और एनएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुहूर्त ट्रेडिंग सोमवार, 20 अक्टूबर को नहीं, बल्कि मंगलवार, 21 अक्टूबर को होगी। इस साल के चलन से हटकर, मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक होगा। आमतौर पर, विशेष सत्र शाम को आयोजित होता है। इसलिए मंगलवार को शेयर बाजार एक घंटे के लिए खुलेगा।
इस हफ्ते कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल?
मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि छुट्टियों वाले इस सप्ताह के दौरान वैश्विक रुझानों, विदेशी निवेशकों के रुख और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर शेयर बाजार की चाल निर्भर करेगी। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि छोटा कारोबारी सप्ताह घटनाओं से भरा रहेगा और निवेशकों के लिए कई प्रमुख कारक सामने आएंगे। बाजार सहभागी सबसे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर प्रतिक्रिया देंगे, जो व्यापक बाजार की दिशा तय करेंगे।
मिश्रा ने कहा कि 21 अक्टूबर को संवत 2082 की शुरुआत के प्रतीक के रूप में एक घंटे का दिवाली विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र भावनात्मक संकेतों और त्योहारी उत्साह के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के नतीजे अपने पूरे जोरों पर होंगे, जिसमें कोलगेट, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस जैसी प्रमुख कंपनियां अपने नतीजे पेश करेंगी। मिश्रा ने कहा कि चीन पर प्रस्तावित अमेरिकी शुल्क से जुड़े घटनाक्रम, साथ ही कच्चे तेल की कीमतों और मुद्रा में उतार-चढ़ाव पर भी निवेशकों की नजर होगी।
