Indusind Bank Share Price: प्राइवेट लेंडर इंडसइंड बैंक के शेयर पहले तिमाही ने नतीजों के बाद 2% तक चढ़कर ₹819 पर पहुंच गए। हालांकि, बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 68% गिरकर ₹684 करोड़ रहा, जिसकी प्रमुख वजह लोन में गिरावट और संभावित खराब लोन के लिए प्रावधानों में वृद्धि रही। कंसोलिडेटेड आधार पर बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 72% गिरकर ₹604 करोड़ रहा। तिमाही में बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 14% घटकर ₹4,640 करोड़ रही।
इंडसइंड बैंक का शुद्ध लाभ 72% घटकर ₹604 करोड़ पर
प्राइवेट सेक्टर के इंडसइंड बैंक का जून 2025 में समाप्त तिमाही (Q1 FY26) का एकीकृत शुद्ध लाभ 72 प्रतिशत घटकर ₹604 करोड़ रह गया है। पिछले साल इसी तिमाही में बैंक ने ₹2,171 करोड़ का लाभ दर्ज किया था।
खराब कर्ज और वायदा-विकल्प से जुड़ी अनियमितताएं बनी चुनौती
बैंक को खराब ऋणों की बढ़ती पहचान और वायदा-विकल्प खंड में कथित अनियमितताओं से जूझना पड़ रहा है, जिसने मुनाफे पर दबाव डाला है। इससे पिछली तिमाही यानी मार्च 2025 में बैंक को ₹2,329 करोड़ का घाटा हुआ था।
कुल आय और ब्याज आय में गिरावट
वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक की कुल आय घटकर ₹14,420.80 करोड़ रही, जबकि एक साल पहले यह ₹14,988.38 करोड़ थी। मुख्य शुद्ध ब्याज आय (NII) भी घटकर ₹4,640 करोड़ रह गई, जो पिछले वर्ष की ₹5,408 करोड़ थी।
शुल्क और अन्य आय में भी कमी
बैंक की फीस और अन्य आय में भी गिरावट दर्ज की गई। यह आंकड़ा सालाना आधार पर ₹2,442 करोड़ से घटकर ₹2,157 करोड़ पर आ गया।
एनपीए अनुपात बढ़ा, लेकिन प्रावधानों में राहत
जून 2025 में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (Gross NPA) अनुपात बढ़कर 3.64% हो गया, जो मार्च 2025 में 3.13% था। हालांकि, इसी अवधि में प्रावधानों में गिरावट आई है – मार्च में ₹2,522 करोड़ से घटकर जून में ₹1,760 करोड़ रह गए।
चेयरमैन ने बताया मार्च से बेहतर प्रदर्शन
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक इंडसइंड बैंक के चेयरमैन सुनील मेहता ने कहा कि बैंक ने जून तिमाही में मार्च की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, जो पुनरुद्धार का संकेत है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
