बिजनेस

Indigo का बड़ा ऐलान, अब पैसेंजर्स को देगी 10 हजार का एक्स्ट्रा वाउचर, अगले 12 महीने बुक कर पाएंगे टिकट!

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन Indigo ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए एक खास मुआवजा योजना का ऐलान किया है। हाल ही में उड़ानें रद्द होने और लंबे विलंब की वजह से परेशान हुए यात्रियों को कंपनी न केवल 10,000 रुपये का मुआवजा देगी, बल्कि इसके अलावा अतिरिक्त 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर भी उपलब्ध कराएगी। यह कदम उन हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, जो 3 से 5 दिसंबर के बीच इंडिगो की उड़ान सेवाओं में आए व्यवधान से प्रभावित हुए थे।

Image

Indigo Big Gift Announcement

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों ऑपेऱशनल संबंधी दिक्कतों से जूझ रही है। 3 से 5 दिसंबर के बीच बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और देरी से चलने के कारण हज़ारों यात्री प्रभावित हुए। ऐसे में कंपनी ने इन यात्रियों को राहत देने का बड़ा फैसला लिया है। इंडिगो ने घोषणा की है कि जिन यात्रियों की उड़ानें 3, 4 और 5 दिसंबर को रद्द हुईं या घंटों देरी से चलीं, उन्हें एयरलाइन की ओर से 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। यह वाउचर अगले 12 महीनों में इंडिगो की किसी भी फ्लाइट बुकिंग में इस्तेमाल किया जा सकता है।

एक्स्ट्रा बेनिफिट देगी इंडिगो

यह वाउचर डीजीसीए (DGCA) के नियमों के तहत मिलने वाले मुआवजे से अलग और अतिरिक्त होगा। यानी यात्रियों को सरकारी नियमों के हिसाब से मिलने वाली राशि (5,000–10,000 रुपये) के अलावा भी यह 10,000 रुपये का वाउचर मिलेगा। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि पिछले दिनों कई यात्री लंबे समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे और भारी भीड़ के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि "गंभीर रूप से प्रभावित यात्रियों" को ये वाउचर तुरंत जारी किए जाएंगे।

क्या है कंपनी का कहना?

इंडिगो पर इन दिनों नियामकीय दबाव भी बढ़ा है। DGCA ने एयरलाइन को निर्देश दिया है कि स्थिति को स्थिर करने के लिए उसे अपनी विंटर फ्लाइट्स में 10% की कटौती करनी होगी। व्यवधान शुरू होने से पहले इंडिगो रोज लगभग 2,300 उड़ानें संचालित कर रही थी। कंपनी ने कहा कि वाउचर देने का यह कदम मौजूदा सरकारी नियमों के ऊपर एक "अतिरिक्त मदद" है। नियमों के मुताबिक, अगर कोई उड़ान प्रस्थान के 24 घंटे के भीतर रद्द होती है, तो यात्रियों को बेसिक मुआवजा 5,000 से 10,000 रुपये दिया जाता है, और इंडिगो यह रकम पहले से दे रही है। अब इस रकम के ऊपर 10,000 रुपये का अतिरिक्त ट्रैवल वाउचर भी मिलेगा, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article