बिजनेस

Direct Tax Collection: सरकार की भरी तिजोरी, अबतक डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन ₹11.89 लाख करोड़ के पार

Direct Tax Collection: कॉरपोरेट टैक्स संग्रह में वृद्धि और रिफंड में कमी के चलते चालू वित्त वर्ष में 12 अक्टूबर तक शुद्ध प्रत्यक्ष टैक्स संग्रह 6.33% बढ़कर 11.89 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। 1 अप्रैल से 12 अक्टूबर के बीच रिफंड 16% घटकर 2.03 लाख करोड़ रुपये रह गया, जिससे सरकारी राजस्व को बल मिला।

Direct Tax Collection

शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 12 अक्टूबर तक छह प्रतिशत बढ़ा (तस्वीर-istock)

Direct Tax Collection : चालू वित्त वर्ष 2025-26 में डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन ने मजबूती दिखाई है। 12 अक्टूबर 2025 तक नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 6.33 प्रतिशत बढ़कर 11.89 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है। इस बढ़ोतरी के पीछे प्रमुख कारण कॉरपोरेट कर संग्रह में वृद्धि और रिफंड राशि में आई कमी है।

रिफंड में गिरावट, कलेक्शन में मजबूती

वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल से 12 अक्टूबर के बीच कुल 2.03 लाख करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 16 प्रतिशत कम है। रिफंड में आई इस कमी ने शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह को बढ़ाने में योगदान दिया है।

कॉरपोरेट और व्यक्तिगत इनकम टैक्स कलेक्शन

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल से 12 अक्टूबर 2025 के दौरान शुद्ध कॉरपोरेट कर संग्रह 5.02 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 4.92 लाख करोड़ रुपये था। वहीं गैर-कॉरपोरेट कर संग्रह जिसमें मुख्य रूप से व्यक्तिगत आयकर शामिल होता है। 6.56 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो एक साल पहले की तुलना में अच्छी वृद्धि (पिछले वर्ष 5.94 लाख करोड़) दर्शाता है।

एसटीटी संग्रह में भी हल्की बढ़त

प्रतिभूति लेनदेन कर (STT) संग्रह में भी मामूली वृद्धि देखने को मिली है। इस वर्ष अब तक इसका संग्रह 30,878 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 30,630 करोड़ रुपये था।

सकल और शुद्ध संग्रह में अंतर

न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के मुताबिक अगर रिफंड जारी करने से पहले के सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह की बात करें, तो यह चालू वित्त वर्ष में 13.92 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 2.36 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, शुद्ध संग्रह यानी रिफंड की कटौती के बाद 11.89 लाख करोड़ रुपये पर रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.33 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्शाता है।

सरकार का वार्षिक लक्ष्य

वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार ने प्रत्यक्ष कर संग्रह का लक्ष्य 25.20 लाख करोड़ रुपये रखा है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 12.7 प्रतिशत अधिक है। अब तक प्राप्त शुद्ध संग्रह इस लक्ष्य का लगभग 47 प्रतिशत हो चुका है, जो यह दर्शाता है कि सरकार लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में सही गति से आगे बढ़ रही है।

इस बढ़ते प्रत्यक्ष कर संग्रह से सरकार की राजकोषीय स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे विकास परियोजनाओं और जनकल्याण योजनाओं के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

लेटेस्ट न्यूज

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह Author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article