इस साल की पहली छमाही (जनवरी से जून तक) में भारतीयों ने ओयो के ऑनलाइन होटल बुकिंग ऐप पर सबसे ज्यादा दुबई, बाली और बैंकॉक की यात्रा के लिए बुकिंग की है। ‘ओयो ट्रैवलोपीडिया 2025’ रिपोर्ट के अनुसार, उन देशों में बुकिंग में सालाना 65 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जिनमें वीजा प्राप्त करना आसान है।
दुबई की बुकिंग में सबसे ज्यादा तेजी आई है, यहां सालाना आधार पर तीन गुना वृद्धि देखी गई है। बाली खासकर जोड़ों और हनीमून मनाने वालों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है।
रिपोर्ट में हुआ खुलासा
ओयो ऐप पर की गई बुकिंग में यात्रियों ने दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए 5 से 7 दिन की यात्रा की योजना बनाई है, जबकि पश्चिम एशिया के लिए 3 से 5 दिन और यूरोप तथा अमेरिका जैसे दूर-दराज के देशों के लिए 10 से 15 दिन की बुकिंग की गई है।यह रिपोर्ट करीब 20,000 बुकिंग पर आधारित है, जिससे पता चलता है कि भारतीय यात्रियों की पसंद में वीजा की आसान प्रक्रिया, बेहतर फ्लाइट कनेक्शन और प्रीमियम ट्रैवल अनुभव की मांग बढ़ रही है।
क्यों फेवरेट बन रहे डेस्टिनेशन?
ओयो ने बताया कि इन ट्रेंड्स से यह साफ होता है कि भारतीय ट्रैवलर्स अब ज्यादा सुविधाजनक और आरामदायक डेस्टिनेशन चुन रहे हैं। दुबई, बाली और बैंकॉक जैसे शहर आसान वीजा और बेहतर सुविधाओं की वजह से अब सबसे ज्यादा लोकप्रिय हो गए हैं।
इस रिपोर्ट से यह भी समझ आता है कि भारत से बाहर यात्रा करने वालों की संख्या बढ़ रही है और वे नए और आकर्षक जगहों की खोज में हैं। ओयो जैसी बुकिंग सर्विसेस उनके लिए यात्रा को आसान बनाने में मदद कर रही हैं।
