Income Tax Notice : इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) जमा करने के बाद अगर आपको इनकम टैक्स विभाग से कोई नोटिस मिलता है, तो घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। कई बार ये नोटिस केवल एक सामान्य प्रक्रिया, स्पष्टीकरण या छोटी-मोटी गलतियों को सुधारने के लिए भेजे जाते हैं। बैंक और वित्तीय संस्थान लोन देते समय आपकी आय की सत्यता जांचने के लिए ITR को बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज मानते हैं। ऐसे में रिटर्न दाखिल करने के बाद अपने ईमेल, आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल और कम्प्लायंस पोर्टल पर नजर बनाए रखना बहुत जरूरी है। अगर आपके रिटर्न में कोई गड़बड़ी या आय से जुड़ा कोई अंतर पाया जाता है, तो विभाग आपको विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस भेज सकता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इनकम टैक्स विभाग किस तरह के नोटिस भेज सकता है और ऐसी स्थिति में आपको क्या करना चाहिए।
धारा 143(1)(a) गणना में अंतर का नोटिस
यह नोटिस तब जारी किया जाता है जब आयकर विभाग को आपके द्वारा दाखिल किए गए रिटर्न और उनके पास उपलब्ध जानकारी (जैसे नियोक्ता, बैंक या टैक्स क्रेडिट) के बीच कोई गड़बड़ी या गणितीय अंतर नजर आता है। ऐसे में नोटिस में बताई गई गड़बड़ी का अपने रिकॉर्ड्स से मिलान करें। यदि विभाग की गणना सही है तो उसे स्वीकार करें। अगर आप असहमत हैं, तो संबंधित दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन जवाब दाखिल करें।
धारा 139(9) – त्रुटिपूर्ण या अधूरा रिटर्न
अगर आपके रिटर्न में कोई जरूरी जानकारी छूट गई है या कोई तकनीकी गलती है, तो विभाग इसे 'डिफेक्टिव रिटर्न' मानकर यह नोटिस भेजता है। ऐसे में नोटिस में बताई गई कमियों को समझें और दी गई समय सीमा के अंदर सुधार करके संशोधित रिटर्न दाखिल करें। समय पर जवाब न देने पर आपका ITR अमान्य घोषित किया जा सकता है।
धारा 142(1) – अतिरिक्त जानकारी या दस्तावेज मांगने का नोटिस
जब आकलन अधिका को आपकी आय का सही आकलन करने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट या स्पष्टीकरण की आवश्यकता होती है, तब यह नोटिस भेजा जाता है। इसके अलावा, जिन्होंने रिटर्न दाखिल नहीं किया है, उन्हें भी यह भेजा जा सकता है। ऐसे में मांगी गई पूरी जानकारी और दस्तावेज तैयार करें और ई-प्रोसीडिंग्स पोर्टल के माध्यम से तय समय में ऑनलाइन जमा करें।
धारा 143(2) – स्क्रूटनी (विस्तृत जांच) का नोटिस
जब टैक्स विभाग को लगता है कि दिखाई गई आय, छूट या दावे की अधिक गहराई से जांच की जरूरत है, तो केस को 'स्क्रूटनी' के लिए चुना जाता है और यह नोटिस जारी होता है। ऐसे में विभाग द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों के सटीक उत्तर दें और अपनी आय व दावों से जुड़े सभी सबूत और रसीदें समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें।
धारा 148 – छूटी हुई आय के लिए नोटिस
अगर टैक्स अधिकारी के पास यह मानने का ठोस कारण है कि आपने अपनी कोई आय छिपाई है या उस पर टैक्स नहीं चुकाया है, तो यह नोटिस भेजा जाता है। ऐसे में नोटिस जारी करने के कारणों को ध्यान से समझें, मांगी गई जानकारी के साथ रिटर्न दोबारा दाखिल करें और विस्तृत जवाब दें। यह एक गंभीर प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी टैक्स विशेषज्ञ या सीए (CA) की सलाह लेना बेहतर रहता है।
धारा 245 – पुराने टैक्स बकाया और रिफंड का समायोजन
अगर आपका इस साल का कोई टैक्स रिफंड बनता है, लेकिन पिछले किसी साल का टैक्स बकाया है, तो विभाग आपके रिफंड को उस पुराने बकाए के खिलाफ एडजस्ट करने के लिए यह सूचना भेजता है। ऐसे में जांचें कि पुराना बकाया सही है या नहीं। यदि बकाया सही है, तो एडजस्टमेंट की सहमति दें। यदि आप पहले ही भुगतान कर चुके हैं या मामला विवादित है, तो पोर्टल पर साक्ष्यों के साथ अपनी आपत्ति दर्ज कराएं।
धारा 154 – रिकॉर्ड में स्पष्ट गलती का सुधार
इनकम टैक्स विभाग के किसी आदेश में यदि कोई सामान्य गणितीय या लिपिकीय (clerical) गलती रह जाती है, तो उसे ठीक करने के लिए यह नोटिस जारी किया जाता है। ऐसे में प्रस्तावित सुधार की ध्यान से समीक्षा करें। अगर गलती सही है तो इसे स्वीकार करें, अन्यथा अपनी आपत्ति के समर्थन में उचित कारण और दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करें।
धारा 263 – पुनरीक्षण नोटिस
जब इनकम टैक्स कमिश्नर को लगता है कि किसी आकलन अधिकारी द्वारा पास किया गया आदेश गलत है और उससे सरकार के राजस्व (राजस्व नुकसान) को हानि पहुंच रही है, तो वे आदेश में संशोधन के लिए यह नोटिस भेजते हैं। ऐसे में इस मामले में ठोस तथ्यों, कानूनी आधारों और कागजातों के साथ अपना विस्तृत लिखित पक्ष प्रस्तुत करें। इसमें किसी टैक्स प्रोफेशनल की मदद जरूर लें।
इनकम टैक्स विभाग से कोई भी नोटिस मिलने पर सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उसे नजरअंदाज न करें। नोटिस मिलने पर तुरंत अपने ई-फाइलिंग अकाउंट में लॉगिन करें, दिए गए कारणों को समझें और तय समय सीमा के भीतर अपना जवाब व दस्तावेज अपलोड करें। सजगता और सही जानकारी से आप किसी भी टैक्स नोटिस का समाधान आसानी से कर सकते हैं।
