वनप्लस भारतीय बाजार में एक नया बजट स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। टिप्स्टर के मुताबिक, कंपनी सितंबर में भारत में अपना नया 4G स्मार्टफोन पेश कर सकती है। खास बात यह है कि यह फोन केवल 4G कनेक्टिविटी के साथ आ सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह इस साल भारत में लॉन्च होने वाला वनप्लस का पहला ऐसा स्मार्टफोन होगा, जिसमें 5G सपोर्ट नहीं मिलेगा। यहां एक और सवाल पैदा होता है कि 5g के जमाने में 4जी फोन क्यों लॉन्च हो रहा है।
सितंबर में हो सकता है लॉन्च
टिप्स्टर योगेश बरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आगामी वनप्लस स्मार्टफोन से जुड़ी जानकारी साझा की है। उनके अनुसार, कंपनी सितंबर में भारत में एक नया 4G फोन लॉन्च करने की योजना बना रही है। बताया गया है कि यह स्मार्टफोन भारत के लिए एक्सक्लूसिव हो सकता है, जैसा कि कंपनी की हालिया N सीरीज के कुछ मॉडल रहे हैं।
टिप्स्टर का यह भी दावा है कि यह फोन भारत में इस साल वनप्लस का आखिरी प्रोडक्ट लॉन्च हो सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस स्मार्टफोन के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में इन लीक हुई जानकारियों को फिलहाल सिर्फ संभावित जानकारी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
OnePlus N6x की जगह ले सकता है नया फोन
नया 4G स्मार्टफोन कंपनी के मौजूदा बजट फोन OnePlus N6x की जगह ले सकता है। OnePlus N6x को भारत में 31 जुलाई को लॉन्च किया गया था। इसकी शुरुआती कीमत 18,999 रुपये रखी गई थी, जिसमें 4GB रैम और 64GB स्टोरेज मिलती है। वहीं, 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 20,999 रुपये है। OnePlus N6x कंपनी की नई N सीरीज का दूसरा स्मार्टफोन है। हालांकि, नया 4G फोन लॉन्च होने के बाद कंपनी बजट सेगमेंट में इसकी जगह बदल सकती है।
OnePlus N6x के स्पेसिफिकेशन
OnePlus N6x में 6.8 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉल्यूशन 720x1,570 पिक्सल है। स्क्रीन 120Hz तक के रिफ्रेश रेट और 900 निट्स की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। इसमें MediaTek Dimensity 6360 Apex ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। स्मार्टफोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 15W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। फिलहाल नए 4G वनप्लस फोन के नाम, कीमत, प्रोसेसर, कैमरा और अन्य फीचर्स की जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इसकी पूरी जानकारी स्पष्ट होगी।
