जब हम बैंक में अकाउंट खोलते हैं तो आम तौर पर नॉमिनी का नाम जरूर देते हैं। इसका मतलब यह होता है कि अगर अकाउंट होल्डर की मौत हो जाए, तो बैंक में जमा पैसा सीधे नॉमिनी को मिल जाएगा। लेकिन सोचिए अगर किसी वजह से अकाउंट होल्डर और नॉमिनी दोनों की मौत हो जाए, तो फिर बैंक में जमा पैसा किसे मिलेगा? या अगर आपने नॉमिनी नहीं एड किया है तो आपकी मौत के बाद किसे पैसा मिलेगा आइए जानते हैं?
अकाउंट होल्डर की मौत के बाद किसे मिलेगा पैसा?
इस मामले में पैसा उस व्यक्ति या लोगों को मिलेगा जो अकाउंट होल्डर के कानूनी वारिस (Legal Heirs) होते हैं। कानूनी वारिस में आम तौर पर पत्नी या पति, बच्चे, माता-पिता या भाई-बहन शामिल होते हैं।
बैंक को क्या डॉक्यूमेंट देने होते हैं?
सबसे पहले, बैंक को अकाउंट होल्डर और नॉमिनी की मौत की सूचना देनी होगी। इसके साथ डेथ सर्टिफिकेट और जो लोग पैसा क्लेम कर रहे हैं उनकी पहचान से जुड़े डॉक्यूमेंट्स जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड जमा करने होंगे।
इसके बाद, बैंक कुछ और दस्तावेज भी मांग सकता है जैसे कानूनी वारिस का प्रमाण पत्र (Legal Heir Certificate), Letter of Disclaimer, जिसमें बाकी परिवार के लोग कहें कि वे उस पैसे का दावा नहीं कर रहे। अगर मामला बड़ा है या क्लेम करने वाले ज्यादा हों, तो आपको उत्तराधिकार प्रमाणपत्र (Succession Certificate) कोर्ट से लेना पड़ सकता है।
अगर वसीयत (Will) बनी हो तो?
अगर अकाउंट होल्डर ने वसीयत बनाई हो और उसमें लिखा हो कि उसकी मौत के बाद पैसा किसे मिलेगा, तो बैंक उसी के अनुसार पैसे देगा। अगर वसीयत नहीं है, तो भारतीय उत्तराधिकार कानून (Hindu Succession Act, 1956) के मुताबिक पैसा परिवार के सदस्यों में बांटा जाएगा। उदाहरण के लिए, पति/पत्नी और बच्चों को बराबर हिस्सा मिल सकता है। अगर पति/पत्नी नहीं हैं, तो माता-पिता या भाई-बहन कानूनी वारिस माने जाते हैं।
अगर कोई दावा न करे तो?
अगर लंबे समय तक कोई कानूनी वारिस सामने नहीं आता या दावा नहीं करता, तो यह रकम एक तय समय के बाद सरकार के पास चली जाती है। हालांकि ऐसा बहुत कम मामलों में होता है।
क्या करना चाहिए?
अक्सर लोगों को बैंकिंग नियमों की पूरी जानकारी नहीं होती, खासकर इस बात की कि अकाउंट होल्डर की मौत के बाद पैसा किसे मिलेगा। इसलिए हर अकाउंट होल्डर को अपने बैंक अकाउंट में नॉमिनी जरूर जोड़ना चाहिए। अगर संभव हो तो वसीयत (Will) भी तैयार रखें। परिवार के सदस्यों को बताएं कि जरूरी डॉक्यूमेंट्स और कागजात कहां रखे हैं।
इन आसान कदमों को अपनाकर आप अपने परिवार को किसी भी मुश्किल स्थिति से बचा सकते हैं और बैंकिंग से जुड़े नियमों के अनुसार सही तरीके से पैसे ट्रांसफर करवा सकते हैं।
