बिजनेस

एक बार में और 1 दिन में बैंक खाते से कितना पैसा कर सकते हैं ट्रांसफर? UPI, NEFT, RTGS और IMPS के क्या हैं नियम

बैंक खाते में पैसे होने के बाद भी क्या आपका ट्रांजैक्शन रुक जाता है? जानिए ऑनलाइन बैंकिंग के अलग-अलग तरीकों जैसे UPI, NEFT, RTGS और IMPS की प्रति ट्रांजैक्शन और 24 घंटे की ट्रांसफर लिमिट।

Image

UPI, NEFT, RTGS और IMPS के क्या हैं नियम

डिजिटल बैंकिंग के दौर में स्मार्टफोन के एक क्लिक पर लाखों रुपये ट्रांसफर हो जाते हैं। हालांकि, कई बार बैंक खाते में पर्याप्त बैलेंस होने के बावजूद फंड ट्रांसफर की रिक्वेस्ट फेल हो जाती है। इसकी मुख्य वजह बैंकिंग नियमों के तहत तय की गई फंड ट्रांसफर लिमिट (Money Transfer Limit) होती है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने ऑनलाइन बैंकिंग को सुरक्षित बनाने और वित्तीय धोखाधड़ी (Financial Fraud) को रोकने के लिए अलग-अलग पेमेंट मोड्स की डेली और पर-ट्रांजैक्शन लिमिट तय की है।

UPI से एक दिन में कितना कर सकते हैं ट्रांजेक्शन?

सबसे लोकप्रिय पेमेंट मोड यूपीआई (UPI) की बात करें, तो एनपीसीआई के नियमानुसार सामान्य यूज़र 1 दिन में अधिकतम ₹1 लाख तक का ट्रांसफर कर सकते हैं। एक बार (Per Transaction) में भी अधिकतम ₹1 लाख ही भेजे जा सकते हैं। हालांकि, कैपिटल मार्केट, इंश्योरेंस, मेडिकल और एजुकेशन जैसे कुछ खास पेमेंट्स के लिए यह लिमिट ₹5 लाख प्रति दिन तक बढ़ाई गई है। इसके अलावा, सुरक्षा के लिहाज से ज़्यादातर यूपीआई ऐप्स (जैसे Google Pay, PhonePe, Paytm) में 24 घंटे के भीतर अधिकतम 10 या 20 ट्रांजैक्शन करने की ही सीमा होती है।

NEFT, RTGS और IMPS से कितना कर सकते हैं?

इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ज्यादा रकम भेजने के लिए NEFT, RTGS और IMPS का इस्तेमाल किया जाता है। IMPS (Immediate Payment Service) के जरिए आप चौबीसों घंटे तुरंत पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं, जिसकी अधिकतम सीमा ₹5 लाख प्रति दिन होती है। वहीं, बड़े बिजनेस या मोटी रकम के लेनदेन के लिए RTGS (Real Time Gross Settlement) का इस्तेमाल होता है, जिसमें कम से कम ₹2 लाख भेजना अनिवार्य है और इसकी कोई ऊपरी अधिकतम सीमा (No Upper Limit) नहीं है। बात करें NEFT (National Electronic Funds Transfer) की, तो इसमें भी कोई न्यूनतम या अधिकतम सीमा तय नहीं है, हालांकि सुरक्षा कारणों से कई बैंक अपनी ओर से डेली लिमिट तय कर देते हैं।

ध्यान देने वाली बात

ध्यान देने वाली बात यह है कि आरबीआई और एनपीसीआई के दिशा-निर्देशों के दायरे में रहते हुए अलग-अलग कमर्शियल बैंक (जैसे SBI, HDFC, ICICI) अपनी नेट बैंकिंग और मोबाइल ऐप पॉलिसी के हिसाब से इन लिमिट्स को अलग-अलग तय करते हैं। उदाहरण के लिए, नए इंटरनेट बैंकिंग यूजर के लिए शुरुआती 24 घंटों के लिए ट्रांसफर लिमिट काफी कम रखी जाती है। अगर आप बड़ी रकम ट्रांसफर करना चाहते हैं, तो अपने बैंक ऐप के 'Manage Limit' सेक्शन में जाकर अपनी डेली लिमिट को समय रहते अपडेट कर सकते हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article