बिजनेस

बेतहाशा कीमतों में बढ़ोतरी से घरों की बिक्री गिरी, मांग घटने से NCR में 40% घटी नई सप्लाई

घरों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी का असर अब दिखाई देने लगा है। लोग चाहकर भी घर खरीद नहीं पा रहे हैं। घरों की बिक्री गिरी है।

Image

घरों की बिक्री घटी

देश में घरों की मांग में गिरावट आई है। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी एनारॉक की रिपोर्ट के अनुसार, देश के सात प्रमुख शहरों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान आवासीय बिक्री छह प्रतिशत घटकर 90,715 इकाई रह गई। आर्थिक अनिश्चितता और मकानों की बढ़ती कीमतें इसकी प्रमुख वजह रही। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता में पिछले वर्ष की समान अवधि में कुल आवासीय बिक्री 96,285 इकाई रही थी।

मकान की कीमत में बढ़ोतरी हुई

रिपोर्ट के अनुसार, इन सातों शहरों में 2025 की समान अवधि की तुलना में चालू तिमाही में मकानों की औसत कीमत में सात प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर में आवासीय कीमतों में सबसे अधिक 13 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई। एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने रिपोर्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ये आंकड़े अपेक्षित रुझान के अनुरूप हैं, क्योंकि पश्चिम एशिया में युद्ध का असर पूरे रियल एस्टेट क्षेत्र पर साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न बाधाओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी)/आईटीईएस क्षेत्र में कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण अधिक खरीदार फिलहाल खरीदारी का फैसला टाल रहे हैं।

कहां कितनी घटी घरों की बिक्री

दिल्ली-एनसीआर (NCR): दिल्ली-एनसीआर में सालाना आधार (Y-o-Y) पर घरों की बिक्री में 6% की गिरावट दर्ज की गई है। यहां साल 2025 की दूसरी तिमाही (Q2 2025) में लगभग 14,255 यूनिट्स बिकी थीं, जो साल 2026 की दूसरी तिमाही (Q2 2026) में घटकर करीब 13,365 यूनिट्स रह गईं। वहीं, तिमाही आधार पर बिक्री में 12% की गिरावट देखी गई है।

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR): एमएमआर में साल 2026 की दूसरी तिमाही के दौरान सबसे ज्यादा लगभग 28,710 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि साल 2025 की समान तिमाही में यह आंकड़ा 31,275 यूनिट्स का था। इस तरह यहां सालाना आधार पर 8% और तिमाही आधार पर 12% की गिरावट आई है।

पुणे (Pune): पुणे में साल 2026 की दूसरी तिमाही (Q2) में लगभग 13,090 घरों की बिक्री हुई, जो साल 2025 की दूसरी तिमाही के मुकाबले 15% कम है।

बेंगलुरु (Bengaluru): बेंगलुरु में साल 2025 की दूसरी तिमाही के मुकाबले साल 2026 की दूसरी तिमाही में घरों की बिक्री में महज 1% की मामूली बढ़त देखी गई और इस तिमाही में यहां लगभग 15,285 यूनिट्स बिकीं। हालांकि, तिमाही आधार पर यहां बिक्री में 7% की गिरावट आई है।

चेन्नई (Chennai): चेन्नई में साल 2026 की दूसरी तिमाही में लगभग 5,135 घरों की बिक्री हुई, जो साल 2025 की दूसरी तिमाही की तुलना में 9% कम है। तिमाही आधार पर यहां बिक्री में 3% की गिरावट दर्ज की गई।

हैदराबाद (Hyderabad): हैदराबाद में इस तिमाही के दौरान लगभग 11,270 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो साल 2025 की दूसरी तिमाही के मुकाबले 2% अधिक है। हालांकि, तिमाही आधार पर यहाँ भी बिक्री में 9% की कमी आई है।

कोलकाता (Kolkata): कोलकाता में साल 2025 की दूसरी तिमाही के मुकाबले इस तिमाही में घरों की बिक्री में 10% का शानदार उछाल देखा गया और साल 2026 की दूसरी तिमाही में यहां करीब 3,860 यूनिट्स बिकीं। लेकिन तिमाही आधार पर यहाँ भी बिक्री में 8% की गिरावट दर्ज की गई है।

महंगे घरों की रह गई मांग

पुरी ने कहा कि अब आवासीय मांग में वृद्धि मुख्य रूप से प्रीमियम आवास, वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) आधारित रोजगार केंद्रों और बुनियादी ढांचा विकास वाले क्षेत्रों तक सीमित होती जा रही है। एनारॉक के आंकड़ों के अनुसार, इन सात शहरों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान नई आवासीय परियोजनाओं की पेशकश व आपूर्ति सात प्रतिशत बढ़कर 1,06,000 इकाई हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 98,625 इकाई थी।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article