Multi Lane Free Flow Toll System Haryana: हरियाणा के करनाल जिले में नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। अब टोल प्लाजा पर रुककर टोल टैक्स देने की झंझट खत्म होने वाली है। टोल वसूली की प्रक्रिया को पूरी तरह आधुनिक बनाते हुए मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिसके तहत चलती गाड़ियों से कुछ ही सेकेंड में अपने आप टोल टैक्स कट जाएगा।
इस नई तकनीक की खासियत यह है कि टोल लेन से करीब 50 मीटर पहले और बाद में अत्याधुनिक सेंसर और स्पीड मापने वाले कैमरे लगाए जाएंगे। यदि कोई चालक तेज रफ्तार में टोल प्लाजा पार करने की कोशिश करता है, तो कैमरे उसकी गति रिकॉर्ड कर लेंगे। ऐसे में न केवल टोल टैक्स कटेगा, बल्कि वाहन की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंच जाएगी। अगर फास्टैग में बैलेंस नहीं हुआ, तो वाहन मालिक को चालान भी भरना पड़ सकता है।
हरियाणा में किया जा रहा है ट्रायल?
फिलहाल इस हाईटेक टोल सिस्टम का ट्रायल हरियाणा में किया जा रहा है। इसके लिए करनाल जिले के बसताड़ा टोल प्लाजा को चुना गया है, जहां से टोल बैरियर हटाने की तैयारी चल रही है। इस ऑटोमैटिक व्यवस्था से टोल वसूली में पारदर्शिता आएगी, ट्रैफिक जाम कम होगा और यात्रियों का समय भी बचेगा। जानकारी के अनुसार यह सिस्टम 26 जनवरी तक इंस्टॉल हो जाएगा, जिसके बाद इसका ट्रायल शुरू होगा और फिर इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा।
क्या होता है मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम में?
मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम के तहत सड़क के ऊपर आधुनिक ओवरहेड स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। इनमें फास्टैग रीडर, नंबर प्लेट पहचानने वाले (एनपीआर) कैमरे, लेजर डिवाइस और वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम शामिल हैं। सड़क के दोनों ओर लगभग 50 मीटर की दूरी पर ऐसे कुल चार ओवरहेड सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि किसी भी वाहन की पहचान में गलती न हो। जब कोई वाहन इन ओवरहेड सिस्टम के नीचे से गुजरता है, तो रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) तकनीक के जरिए उसका फास्टैग स्कैन हो जाता है। साथ ही एनपीआर कैमरे वाहन की नंबर प्लेट पढ़कर उसकी पुष्टि करते हैं।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान
पहचान होते ही टोल टैक्स खुद फास्टैग से कट जाता है और चालक को कहीं रुकने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके अलावा, सिस्टम में लगे कैमरे वाहनों की स्पीड पर भी नजर रखेंगे। यदि कोई चालक तय सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाता है, तो आगे लगे दूसरे सिस्टम के जरिए उसका टोल कटेगा और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान भी भेजा जाएगा। दावा किया जा रहा है कि इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद बिना टोल चुकाए कोई भी वाहन इस प्लाजा से नहीं निकल पाएगा और 100 प्रतिशत टोल वसूली सुनिश्चित की जा सकेगी।
