बिजनेस

शेयर बाजार में निवेशकों की दिवाली! 5 दिन में ₹13 लाख करोड़ बढ़ी पूंजी, Sensex 3957 और Nifty 1260 अंक उछला

पिछले 5 दिन में शेयर बाजार में बड़ी रिकवरी देखने को मिली है। इन पांच दिन में 13 लाख करोड़ की पूंजी बढ़ी है। इसके अलावा इस दौरान सेंसेक्स 3957 और निफ्टी 1260 अंक उछल चुका है।

Image

शेयर बाजार में बड़ी तेजी

Stock Market Sensex Nifty Today : शेयर बाजार में इन दिनों तेजी का ऐसा माहौल है कि निवेशकों के चेहरे खिल उठे हैं। दिवाली से पहले घरेलू शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी ने निवेशकों की दौलत में करीब ₹13 लाख करोड़ का इजाफा कर दिया है।

पिछले 5 दिनों में Sensex और Nifty ने शानदार छलांग लगाई है। सेंसेक्स जहां 5 दिन में 3957 अंक भागा है। वहीं, निफ्टी में 1260 अंक का उछाल आया है। वहीं, मंगलवार 3 नवंबर को भी बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। Sensex 1,225 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि Nifty ने 23,800 का स्तर पार कर लिया।

कारोबार के अंत में Sensex 1,225.07 अंक यानी 1.62% की बढ़त के साथ 76,917.85 पर बंद हुआ। वहीं Nifty 50 में 370.05 अंक यानी 1.58% की तेजी रही और यह 23,810.85 पर पहुंच गया। पिछले 5 दिनों में Sensex कुल 3,956.65 अंक यानी 5.42% और Nifty 1,259.75 अंक यानी 5.59% चढ़ चुका है।

दौलत में ₹13 लाख करोड़ का इजाफा

बाजार में इस तेजी का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा है। BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर करीब ₹486.74 लाख करोड़ पहुंच गया। 28 अक्टूबर के कारोबारी सत्र के अंत में यह लगभग ₹473.53 लाख करोड़ था। इस तरह बाजार की कुल वैल्यू में करीब ₹13.21 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। यानी दिवाली से पहले बाजार की तेजी ने निवेशकों को बड़ी राहत दी है। हालांकि, मार्केट कैप में बढ़ोतरी का मतलब यह नहीं है कि हर निवेशक के खाते में इसी अनुपात में मुनाफा आया है। यह सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार मूल्य में हुई वृद्धि है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

बाजार को तेजी देने वाली सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में नरमी है। पिछले कारोबारी सत्र में Brent Crude करीब 7% टूटकर 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया था। अमेरिका और ईरान के बीच कतर की मध्यस्थता से बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।

विदेशी निवेशकों की वापसी

क्रूड में नरमी और कंपनियों के अच्छे तिमाही नतीजों को देखकर विदेशी निवेशकों का रुख भी बदला है। FII की खरीदारी ने बाजार को मजबूती दे रही है। सोमवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में ₹3,114.68 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की। अक्टूबर में लगातार बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों का यह रुख बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

कंपनियों के शानदार तिमाही नतीजे

सितंबर तिमाही के नतीजों ने भी बाजार का मूड सुधारा है। Reliance Industries के शेयर सोमवार को करीब 11.6% उछले थे। मंगलवार को Marico में 4.5%, KRBL में 9.4%, Trident में 9.4% और VRL Logistics में करीब 13% की तेजी देखने को मिली। इन कंपनियों के बेहतर मुनाफे ने निवेशकों को आकर्षित किया।

रुपये में मजबूती

डॉलर के मुकाबले रुपये में भी सुधार आया। मंगलवार को रुपया करीब 17 पैसे मजबूत होकर 94.74 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखा। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेशकों की खरीदारी से रुपये को सहारा मिला।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article