GST Bachat Utsav: केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल और अश्विनी वैष्णव जीएसटी बचत उत्सव पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित यह नई जीएसटी सुधार नीति 22 सितंबर से प्रभाव में आ गई है। नई पीढ़ी के जीएसटी सुधार भारत की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन सुधारों के तहत विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं पर कर दरों में कटौती की गई है, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है। विशेष रूप से स्टेशनरी वस्तुओं पर जीएसटी दरों में बड़ी राहत दी गई है, जिससे छात्र और खुदरा विक्रेता लाभान्वित हो रहे हैं। सरकार का कहना है कि यह कदम शिक्षा को प्रोत्साहित करने, सीखने को बढ़ावा देने और आवश्यक सामग्री को सभी के लिए सुलभ एवं सस्ती बनाने की व्यापक पहल का हिस्सा है।
54 वस्तुओं पर कड़ी नजर- निर्मला सीतारमण
इस मौके पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती का लाभ 22 सितंबर से आम आदमी तक पहुंच रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार 54 वस्तुओं पर कड़ी नजर रख रही है कि क्या कंपनियां जीएसटी का लाभ अंतिम उपभोक्ताओं तक पहुंचा रही हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि पोर्टलैंड सीमेंट को छोड़कर, जहां इनपुट टैक्स क्रेडिट का मुद्दा है, सभी सीमेंट कंपनियों ने कीमतें कम कर दी हैं। जीएसटी कटौती के बाद ऑटो कंपनियां, इलेक्ट्रॉनिक्स और एफएमसीजी कंपनियां बढ़ी बिक्री की रिपोर्ट कर रही हैं। उन्होंने कहा कि टैक्स में अपेक्षा से अधिक कटौती हुई है और उपभोक्ताओं को अपेक्षा के अनुरूप लाभ मिल रहा है, तथा कुछ लाभ तो उससे भी अधिक हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में, व्यवसायों ने जीएसटी दरों में उम्मीद से अधिक कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को दिया है।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वर्गीकरण से जुड़े मुद्दे, जिनके कारण लोगों के मन में कई सवाल और भ्रम पैदा हुए थे और जिनमें अदालतों का भी काफी समय लगा था, सभी सुलझ गए हैं। इसलिए, दीपावली से ठीक पहले, बल्कि नवरात्रि के पहले दिन इसे लॉन्च करके, मुझे लगता है कि भारत के लोगों ने इसे अच्छी तरह से स्वीकार किया है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह (जीएसटी कटौती) टैरिफ वार का जवाब है। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जीएसटी परिषद की बैठक के दिन भी, हमने स्पष्ट रूप से कहा था कि इस पर डेढ़ साल से काम चल रहा था। उस समय टैरिफ वार के बारे में कौन सोच सकता था? इन डेढ़ सालों में कई मंत्रियों के समूह काम कर रहे थे। इसलिए, इन पर विभिन्न स्तरों पर और विभिन्न समयों पर चर्चा हुई। यह टैरिफ वार जैसा बिल्कुल नहीं है। यह (जीएसटी कटौती) तो होना ही था। यह अब हो गया है।
जीएसटी दरों में कटौती और इसके लाभों पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मैं अनुमान नहीं लगाऊंगी कि मैं कितनी ग्रोथ की उम्मीद कर रही हूं लेकिन जीएसटी 2.0 के लागू होने के बाद उपभोग के रुझान स्पष्ट हैं और उपभोग वृद्धि के प्रमुख इंजनों में से एक है। दरों में कटौती के प्रभाव पर जोर देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पहले दिन टेलीविजन सेटों की बिक्री में 30-35 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि एयर कंडीशनर (एसी) की बिक्री दोगुनी हो गई। उन्होंने आगे बताया कि पहले दिन एलजी इंडिया की बिक्री में तेजी से वृद्धि हुई और नवरात्रि के दौरान एफएमसीजी क्षेत्र की बिक्री भी बढ़ी है।
हर भारतीय को लाभ होगा- पीयूष गोयल
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री सीतारमण ने इस साल आम आदमी को टैक्स में राहत देकर मां लक्ष्मी को घरों में आमंत्रित किया है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस साल टैक्स कटौती का भारत में निवेश और व्यापार पर कई गुना प्रभाव पड़ा है, जिससे हर भारतीय को लाभ होगा। गोयल ने कहा कि एसएंडपी ने 18 साल बाद भारत की क्रेडिट रेटिंग में सुधार किया है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि जीएसटी में कटौती के बाद ऑटो बिक्री में भारी उछाल आया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल कहा कि अंतरराष्ट्रीय कठिनाइयों के बावजूद, बेहद अस्थिर और अशांत अंतरराष्ट्रीय माहौल में, भारत इतनी तेजी से प्रगति कर रहा है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) को भी इस वर्ष अपने पूर्वानुमान को संशोधित कर 6.6 प्रतिशत की वृद्धि दर तक बढ़ाना पड़ा। इस वर्ष पहली तिमाही में हमने 7.8 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि देखी। पीयूष गोयल ने कहा कि हमारी निगरानी के अनुसार करीब सभी ई-कॉमर्स कंपनियों ने जीएसटी में कटौती की है और नवरात्रि पर उससे भी ज्यादा ऑफर दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां अन्य निर्माताओं के उत्पाद भी बेचती हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की रिकॉर्ड बिक्री- अश्विनी वैष्णव
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नवरात्रि में इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की रिकॉर्ड बिक्री हुई, करीब 20-23% अधिक बिक्री हुई। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस साल भारत ने अमेरिका को स्मार्टफोन निर्यात में अपने पड़ोसी देश को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ सबसे बड़ी कंपनियों का 20% विनिर्माण अब भारत में हो रहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत के दूसरे सेमीकंडक्टर प्लांट ने पिछले हफ्ते उत्पादन शुरू कर दिया है। पहला सीजी सेमी था और दूसरा कीन्स है। इस वर्ष अधिक मांग के कारण भारत में निवेश बढ़ने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहा कि जीएसटी सुधारों के कारण इस वर्ष 20 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक खपत होने की उम्मीद है।
