Sugar Stock Limits : त्योहारों से ठीक पहले चीनी की बढ़ती कीमतों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। आम लोगों की जेब पर बढ़ते बोझ और आने वाले त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने चीनी के स्टॉक को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब हर महीने 10 मीट्रिक टन से ज्यादा चीनी इस्तेमाल करने वाले बल्क कंज्यूमर अपनी जरूरत के 15 दिन से ज्यादा का स्टॉक नहीं रख सकेंगे। इससे पहले यह सीमा 30 दिन थी। सरकार का मानना है कि इस कदम से बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ेगी और जमाखोरी या सट्टेबाजी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
1 सितंबर से लागू होगा नया नियम
फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन डिपार्टमेंट (FPDD) ने 19 अगस्त को नया आदेश जारी किया है। यह नियम 1 सितंबर से लागू होगा और 30 नवंबर, 2026 तक प्रभावी रहेगा। इसके दायरे में कन्फेन्शनरी, बिस्किट, सॉफ्ट ड्रिंक, फूड प्रॉसेसिंग, मिठाई और दूसरे ऐसे बड़े खरीदार आएंगे, जिनकी मासिक खपत 10 मीट्रिक टन से ज्यादा है। नए नियम के तहत ऐसे बल्क खरीदार अपने वास्तविक इस्तेमाल से ज्यादा चीनी जमा करके नहीं रख पाएंगे।
चीनी के दाम क्यों बढ़े?
देश में चीनी की कीमत पिछले एक महीने में करीब 10% बढ़ चुकी है और रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। सरकार के मुताबिक मौजूदा मिल कीमतों में तेजी डिमांड सप्लाई फंडामेंटल के मुकाबले ज्यादा है। कुछ ट्रेडर, डीलर और बाजार के बिचौलियो स्पेक्युलेटिव ट्रेडिंग के जरिये बिना स्टॉक जमा किए और बिना फिजिकल सुगर मूमेंट के पेपर ट्रेडिंग से बाजार में चीनी की किल्लत की धारणा बना रहे हैं।
इसे देखेते हुए सरकार को लग रहा है कि त्योहारों के कारण स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है। क्योंकि, अगस्त से नवंबर के बीच गणेश चतुर्थी, नवरात्र, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहार आते हैं। इस दौरान मिठाई और दूसरी खाद्य वस्तुओं में चीनी की मांग बढ़ती है। बड़े उत्पादक भी पहले से इन्वेंट्री जमा करने लगते हैं। ऐसे में सरकार चाहती है कि बाजार में जरूरत के मुताबिक चीनी उपलब्ध रहे।
पहले डीलर्स पर लगी पाबंदी
चीनी की उपलब्धता को सहज रखने के लिए यह सरकार का पहला स्टॉक कंट्रोल कदम नहीं है। इससे पहले जुलाई में सरकार ने डीलर्स के लिए भी चीनी स्टॉक लिमिट 30 दिन तय दी है, जो 1 अगस्त से लागू है।
फैसले का बाजार पर असर
सरकार की तरफ से बल्क उपभोक्ताओं और डीलर पर लगाई स्टॉक लिमिट के फैसले का असर शेयर बाजार में सुगर कंपनियों के शेयरों पर दिखा। गुरुवार को Sugar stocks में जोरदार खरीदारी हुई। Ponni Sugars (Erode) का शेयर 11% से ज्यादा चढ़ा, जबकि Magadh Sugar & Energy करीब 8.69%, Dwarikesh Sugar 7.37%, Indian Sucrose 6.53%, Avadh Sugar & Energy 6.24% और Bajaj Hindusthan Sugar 6.47% तक मजबूत हुआ। Balrampur Chini Mills, Dalmia Bharat Sugar और Mawana Sugars में भी करीब 3-5% की तेजी देखी गई। बाजार को उम्मीद है कि ऊंची sugar realisations से mills की profitability को सहारा मिल सकता है।
