DA Hike For Central Employees: मार्च में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर आ सकती है। दरअसल सरकार मार्च में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 4 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। इस बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता और महंगाई राहत (डीआर) 50 फीसदी से ज्यादा हो जाएंगे। केंद्र सरकार औद्योगिक श्रमिकों के लिए सीपीआई (कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स) डेटा के आधार पर डीए/डीआर में बढ़ोतरी तय करती है। इसके 12 महीने का औसत 392.83 पर है। इसके आधार पर डीए बेसिक सैलरी का 50.26 फीसदी हो जाएगा। श्रम मंत्रालय की एक यूनिट लेबर ब्यूरो हर महीने सीपीआई-आईडब्ल्यू डेटा पब्लिश करता है।
ये भी पढ़ें -
साल में दो बार बढ़ता है डीए और डीआर
गौरतलब है कि कर्मचारियों को डीए और पेंशनभोगियों को डीआर मिलता है। डीए और डीआर आमतौर पर साल में दो बार बढ़ाए जाते हैं। इनमें एक बढ़ोतरी जनवरी और दूसरी जुलाई में होती है। इनमें आखिरी बढ़ोतरी अक्टूबर 2023 में हुई थी, जब डीए 4 फीसदी बढ़ाकर 46 फीसदी कर दिया गया था। गौरतलब है कि महंगाई के मौजूदा आंकड़ों के आधार पर अगली डीए बढ़ोतरी 4 फीसदी होने की संभावना है।
क्या है डीए/डीआर बढ़ोतरी का फॉर्मूला
डीए और डीआर की कैल्कुलेशन करने का फॉर्मूला ये है - 7वीं सीपीसी डीए% = [{पिछले 12 महीनों के लिए एआईसीपीआई-आईडब्ल्यू (आधार वर्ष 2001=100) का 12 महीने का औसत - 261.42}/261.42x100]
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह कैल्कुलेशन फॉर्मूला उन केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों पर लागू होता है जिन्हें 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर वेतन मिलता है।
