Gold-Silver Rate में जारी रैली पर गुरुवार को बड़ा ब्रेक लगा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से ग्रीनलैंड को लेकर दिखाई नरमी का असर ग्लोबल मार्केट्स में दिख रहा है। जहां, एक तरफ शेयर बाजारों में रैली देखने को मिल रही है। वहीं, दूसरी तरफ सेफ हेवेन एसेट्स गोल्ड और सिल्वर में भारी बिकवाली देखने को मिली है। गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
पिछले कई दिनों से लगातार ऑल टाइम हाई पर टिके दोनों कीमती धातुओं के दाम में आज 10 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। खासतौर पर ETF में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ज्यादातर गोल्ड ईटीएफ जहां 10 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं। वहीं, सिल्वर ईटीएफ में 15 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, दूसरी तरफ कमोडिटी बाजार में MCX पर फ्यूचर में गोल्ड करीब 1.50 फीसदी और चांदी करीब 4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भाव
इंटरनेशनल मार्केट में Comex पर फरवरी के गोल्ड और सिल्वर फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट्स में भी जोरदार गिरावट देखने को मिली है। फरवरी एक्सपायरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट्स का भाव 1 फीसदी की गिरावट के साथ 4,798.90 डॉलर प्रति आउंस पहुंच गया है। इसी तरह सिल्वर के दाम भी 90 डॉलर प्रति आउंस से नीचे आ गए हैं।
शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी
बुधवार को दावोस में ट्रंप की तरफ से जब ग्रीनलैंड को लेकर राहत के संकेत मिले, उसके महज 10 मिनट बाद ही गोल्ड के स्पॉट प्राइस में करीब 1 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। इसके अलावा अमेरिकी बाजार में ट्रंप के नरम रुख को लेकर जोरदार प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके बाद गुरुवार सुबह भारतीय बाजार में भी पॉजिटिव रेस्पॉन्स मिला है। निफ्टी और सेंसेक्स फिलहाल करीब 1-1 फीसदी से ऊपर ट्रेड कर रहे हैं। भारतीय बाजार में आई यह तेजी चौतरफा खरीदारी के चलते आई है।
सोने-चांदी में क्यों आई गिरावट?
सोने-चांदी के दाम में गिरावट की सबसे बड़ी वजह ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप के रुख में नरमी है। ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की बात कही है, लेकिन अब इसके लिए एक टाइमलाइन दी है, जिससे निवेशकों को इस बात का भरोसा मिला है कि मामला बातचीत से हल हो जाएगा। इसके साथ ही ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिका ग्रीनलैंड पर सैन्य हमला नहीं करने जा रहा है, इसकी वजह से पूरी दुनिया में अमेरिका बनाम यूरोप युद्ध की आशंका कम हुई है।
