बिजनेस

कागजी सोना असली सोने में बदल सकता है? क्या हैं SGB, ETF और Digital Gold के नियम

Gold Investment Guide: गोल्ड अल्टरनेटिव को लेकर निवेशकों के मन में अक्सर एक बड़ा सवाल रहता है। सवाल यही कि क्या इस 'कागजी सोने' को असली सोने में बदला जा सकता है?

Image

Gold Investment Guide (AI Generated Image)

Gold Investment Guide: सोने में निवेश भारतीयों को हमेशा ही पसंद रहा है। लेकिन अब समय के साथ निवेश के तरीके भी बदल रहे हैं। पहले लोग ज्यादातर फिजिकल गोल्ड यानी गहने, सिक्के या बिस्किट खरीदते थे, जबकि अब पेपर गोल्ड और डिजिटल गोल्ड तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। लेकिन सवाल यह कि क्या डिजिटल या पेपर गोल्ड को जरूरत पड़ने पर फिजिकल गोल्ड में बदला जा सकता है? अगर आपके जेहन में भी यही सवाल है तो आपको इस आर्टिकल में इसी सवाल का जवाब देने जा रहे हैं-

क्या होता है पेपर गोल्ड?

सबसे पहले तो यही समझें कि पेपर गोल्ड होता है क्या है? दरअसल, पेपर गोल्ड ऐसे निवेश विकल्प होते हैं जिनमें निवेशक बिना असली सोना घर में रखे गोल्ड में निवेश कर सकते हैं। इसमें मुख्य रूप से Gold ETF, Gold Mutual Funds और Sovereign Gold Bonds (SGB) जैसे विकल्प शामिल हैं। इनका सबसे बड़ा फायदा यह माना जाता है कि निवेशक को सोने की सुरक्षा, चोरी या स्टोरेज की चिंता नहीं करनी पड़ती। साथ ही शुद्धता को लेकर भी चिंता नहीं रहती।

Gold ETF

Gold ETF यानी एक्सचेंज ट्रेडेड फंड शेयर बाजार में ट्रेड होते हैं और इनकी कीमत सोने की कीमत से जुड़ी होती है। सामान्य निवेशकों के लिए ईटीएफ को फिजिकल गोल्ड में बदलना मुश्किल है। हालांकि, ज्यादातर लोग अपनी यूनिट्स को बाजार भाव पर बेचकर नकद पैसा लेते हैं और फिर उससे फिजिकल गोल्ड खरीदते हैं।

Gold Mutual Funds

वहीं Gold Mutual Funds सीधे सोने में निवेश नहीं करते, बल्कि Gold ETFs में निवेश करते हैं। गोल्ड म्यूचुअल फंड को सीधे फिजिकल गोल्ड में नहीं बदला जा सकता। इसके लिए यूनिट्स 'रिडीम' (Redeem) की जा सकती हैं और प्राप्त राशि से बाजार से सोना खरीद सकते हैं।

Sovereign Gold Bond

Sovereign Gold Bond यानी SGB को सरकार की ओर से जारी किया जाता है। यह निवेशकों को सोने की कीमत बढ़ने का फायदा देने के साथ-साथ ब्याज भी देता है। लेकिनSGB को सीधे फिजिकल गोल्ड में कन्वर्ट नहीं किया जा सकता। मैच्योरिटी पर निवेशक को सोने की मौजूदा कीमत के आधार पर पैसे मिलते हैं। हालांकि, इस योजना को फिलहाल रोक दिया गया है।

Digital Gold

वहीं, Digital Gold की बात करें तो इसमें निवेशक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए थोड़ी मात्रा में भी सोना खरीद सकते हैं। खास बात यह है कि कई प्लेटफॉर्म निवेशकों को डिजिटल गोल्ड को बाद में फिजिकल गोल्ड कॉइन या बार में बदलने का विकल्प देते हैं।

पेपर गोल्ड फिजिकल गोल्ड से क्यों है बेहतर

पेपर गोल्ड के बढ़ते चलन के पीछे एक बड़ी वजह इसकी सुविधा और पारदर्शिता भी मानी जा रही है। फिजिकल गोल्ड खरीदने पर मेकिंग चार्ज, शुद्धता और स्टोरेज जैसी समस्याएं सामने आती हैं, जबकि डिजिटल विकल्पों में निवेश अपेक्षाकृत आसान माना जाता है। हालांकि एक्सपर्ट्स मानते हैं कि निवेशकों को किसी भी विकल्प में पैसा लगाने से पहले उसकी शर्तों और नियमों को अच्छे से समझ लेना चाहिए। खासकर यह जानना जरूरी है कि कौन-सा निवेश विकल्प फिजिकल गोल्ड में बदल सकता है और कौन-सा नहीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article