बिजनेस

जुलाई-सितंबर में 10% बढ़ी गोल्ड की मांग, कीमतों में कमी के चलते खरीदारी में आई तेजी

Gold Demand Rise: वैश्विक स्तर पर देखें तो WGC Q3 गोल्ड डिमांड ट्रेंड्स रिपोर्ट से पता चलता है कि सोने की तरफ आकर्षण जारी है। केंद्रीय बैंकों की तरफ से भी ऐतिहासिक गति पर खरीदारी हो रही है।

Image

सोने की मांग में बढ़ोतरी

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • देश में बढ़ी सोने की मांग
  • वैश्विक स्तर पर भी हुआ इजाफा
  • कीमतों में कमी का दिखा असर

Gold Demand Rise: जुलाई और अगस्त में कमजोर मानसून और अल-नीनो तूफान के डर के बावजूद, कम कीमतों के चलते जुलाई-सितंबर तिमाही में भारत में सोने की मांग साल-दर-साल आधार पर 10 फीसदी बढ़ कर 210 टन हो गई।

इस मांग का ज्यादातर हिस्सा ग्रामीण भारत का रहा। भारत में सोने की कुल खपत का 60 फीसदी हिस्सा ग्रामीण इलाकों का ही रहता है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) के अनुसार 2023 में भारत में सोने की खपत 700-750 टन आंकी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ा कम होगी।

ग्लोबल लेवल पर भी बढ़ी मांग

वैश्विक स्तर पर देखें तो WGC Q3 गोल्ड डिमांड ट्रेंड्स रिपोर्ट से पता चलता है कि सोने की तरफ आकर्षण जारी है। केंद्रीय बैंकों की तरफ से भी ऐतिहासिक गति पर खरीदारी हो रही है। इससे तिमाही में सोने की ग्लोबल मांग 1,147 टन हो गई है, जो इसके पांच साल के औसत से 8% अधिक है।

भारत में सोने के आभूषणों की बिक्री साल-दर-साल 7% बढ़कर 155.7 टन हो गई, जो सोने की नरम कीमतों और त्योहारी मांग के कारण अधिक रही। दक्षिणी भारत में सोने की ज्वैलरी की बिक्री अधिक दिखी।

कितनी कम हुई कीमतें

रिटेल मांग बढ़ने से जुलाई में 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ने के बाद अगस्त और सितंबर में सोने की कीमतें गिरकर 57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गईं। वहीं सोने की निवेश मांग, यानी बार और सिक्के, पिछले वर्ष की तीसरी तिमाही में 45.4 टन से 20% बढ़कर 54.5 टन हो गई।

डब्ल्यूजीसी के अनुसार, त्योहारों और शादी की खरीदारी के बीच अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में भी सोने की मांग में तेजी देखने को मिलने सकती है, लेकिन कीमतों में वृद्धि से मांग बढ़ने में देरी भी हो सकती है।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article