बिजनेस

IPO Update: ग्लोटिस लाएगी IPO, जानें मनबा फाइनेंस और KRN का क्या है हाल

IPO Update: कंपनी का आईपीओ आकार 450 से 500 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इश्यू से प्राप्त 53 करोड़ रुपये का यूज वाणिज्यिक वाहनों की खरीद, 38 करोड़ रुपये ऋण भुगतान और शेष राशि का यूज सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

Image

आईपीओ अपडेट

IPO Update:लॉजिस्टिक्स कंपनी ग्लोटिस ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 450-500 करोड़ रुपये जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज जमा कराए हैं।दस्तावेज के अनुसार, चेन्नई की कंपनी का आईपीओ 200 करोड़ रुपये मूल्य के इक्विटी शेयरों के नए निर्गम और प्रवर्तकों द्वारा 1.45 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है।ओएफएस के तहत, प्रवर्तक रामकुमार सेंथिलवेल और कुट्टप्पन मणिकंदन 72.85 लाख-72.85 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे।

500 करोड़ तक का IPO

बाजार सूत्रों के अनुसार, कंपनी का आईपीओ आकार 450 से 500 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इश्यू से प्राप्त 53 करोड़ रुपये का उपयोग वाणिज्यिक वाहनों की खरीद, 38 करोड़ रुपये ऋण भुगतान और शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।दाखिल दस्तावेजों के मसौदे से पता चलता है कि मार्च, 2024 तक कंपनी की कुल उधारी 9.3 करोड़ रुपये थी।बीते वित्त वर्ष 2023-24 के लिए कंपनी की परिचालन आय 497.4 करोड़ रुपये थी, जबकि शुद्ध लाभ 31.5 करोड़ रुपये था।

Manba Finance

मनबा फाइनेंस लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के तीसरे और अंतिम दिन बुधवार तक 223.12 गुना अभिदान प्राप्त हुआ।एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) मनबा फाइनेंस के 151 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए प्रस्तावित 87,99,000 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,96,32,02,000 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।गैर-संस्थागत निवेशकों के खंड में 510.89 गुना अभिदान मिला जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के कोटा को 148.55 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 142.40 गुना अभिदान मिला।आईपीओ में 1,25,70,000 नए इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 114-120 रुपये प्रति शेयर है।

KRN Heat Exchanger And Refrigeration

केआरएन हीट एक्सचेंजर एंड रेफ्रिजरेशन लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को शेयर बिक्री खुलने के कुछ ही मिनटों में पूर्ण अभिदान मिल गया। पहले दिन कंपनी के आईपीओ को कुल मिलाकर 23.73 गुना अभिदान मिला। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, केआरएन हीट के आईपीओ के लिए प्रस्तावित 1,09,93,000 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 26,08,36,485 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।गैर-संस्थागत निवेशकों के खंड में 52.73 गुना अभिदान मिला जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 23.74 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के कोटा को 1.43 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। इसके लिए मूल्य दायरा 209-220 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article