बिजनेस

Indane, HP और Bharat Gas के ग्राहक ध्यान दें, आज चूक गए तो 1 जुलाई से नहीं मिलेगी LPG गैस की डिलीवरी, रिफिल में भी होगी दिक्कत!

Indane, Bharat और HP Gas के ग्राहकों के लिए 30 जून की अंतिम तारीख तय की गई है। इस तारीख से पहले कनेक्शन का e-KYC कराना अनिवार्य है, वरना डिलीवरी से लेकर सब्सिडी और रिफिल में दिक्कत आ सकती है।

Image

LPG Cylinder

अगर आप इंडेन (Indane), एचपी (HP) या भारत गैस (Bharat Gas) के ग्राहक हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। 1 जुलाई से देश में रसोई गैस सिलेंडर (LPG) से जुड़े कई बड़े और महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने की पूरी संभावना है। सरकार के इन नए कदमों का सीधा असर देश के करोड़ों एलपीजी उपभोक्ताओं की जेब और उनकी रसोई पर पड़ने वाला है। नए नियमों के तहत जहां एक तरफ कुछ ग्राहकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी तरफ लापरवाही बरतने वाले या नियमों का पालन न करने वाले कुछ उपभोक्ताओं का एलपीजी कनेक्शन हमेशा के लिए बंद भी किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि आज यानी 30 जून तक आपको कौन से जरूरी काम निपटाने हैं।

e-KYC कराने की आज है आखिरी तारीख

सरकार ने सभी एलपीजी गैस कनेक्शन धारकों के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए सरकार की तरफ से दी गई समय-सीमा आज समाप्त हो रही है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी गैस एजेंसी पर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें 1 जुलाई से गैस सिलेंडर बुक करने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है या फिर उनकी डिलीवरी रोकी जा सकती है। हालांकि, जिन लोगों ने पहले ही अपना ई-केवाईसी करवा लिया है, उन्हें दोबारा परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

PNG कनेक्शन वालों का 30 दिनों में बंद हो सकता है सिलेंडर

केंद्र सरकार ने हाल ही में एलपीजी (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) संशोधन आदेश को अनिवार्य किया है। इस नियम के मुताबिक, जिन लोगों के घरों में पहले से ही पीएनजी (PNG - पाइप वाली प्राकृतिक गैस) का कनेक्शन चालू है, उनका एलपीजी गैस कनेक्शन अगले 30 दिनों के भीतर बंद किया जा सकता है। सरकार का मानना है कि एक ही घर में दो-दो गैस कनेक्शन रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हालांकि, अगर कोई ग्राहक खुद से अपनी इच्छा से एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करता है, तो उसे गैस कंपनी की तरफ से एक कूपन दिया जाएगा। इस कूपन का फायदा यह होगा कि भविष्य में अगर उसे कभी दोबारा एलपीजी सिलेंडर की जरूरत पड़ती है, तो वह बिना किसी परेशानी के नया कनेक्शन ले सकेगा।

तीन महीने की समय-सीमा आज हो रही है खत्म

इससे पहले मार्च में सरकार ने साफ शब्दों में घोषणा की थी कि जिन भी इलाकों में पीएनजी (PNG) की पाइपलाइन और सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, वहां के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को तीन महीने के भीतर पीएनजी कनेक्शन पर शिफ्ट होना होगा। सरकार द्वारा दी गई यह तीन महीने की मोहलत जून के अंत में यानी आज पूरी हो रही है। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक पीएनजी लाइन नहीं ली है, उनका एलपीजी कनेक्शन काटा जा सकता है। इसलिए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करें।

1 जुलाई से मिल सकती है बड़ी राहत

इन सख्त नियमों के बीच आम जनता के लिए एक राहत भरी खबर भी आ रही है। दरअसल, मौजूदा नियमों के तहत शहरों में एलपीजी सिलेंडर की दोबारा बुकिंग (Refill) 25 दिनों के अंतराल के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के अंतराल के बाद ही की जा सकती है। सरकार ने युद्ध जैसी स्थितियों के दौरान गैस की किल्लत और कालाबाजारी को रोकने के लिए यह पाबंदी लगाई थी। लेकिन अब वैश्विक हालात सुधरने और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के दोबारा सुचारू रूप से खुलने के बाद, 1 जुलाई से इस बुकिंग अवधि (Waiting Period) को कम किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो ग्राहकों को जरूरत पड़ने पर जल्दी सिलेंडर मिल सकेगा, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article