बिजनेस

Income Tax Return: Form 26AS क्या है? कैसे डाउनलोड करें, जानिए आसान तरीका

Income Tax Return : फॉर्म 26AS एक टैक्स स्टेटमेंट है जिसमें TDS, TCS, एडवांस टैक्स और रिफंड की जानकारी होती है। इसे TRACES या बैंक के जरिए डाउनलोड कर ITR फाइलिंग में उपयोग किया जाता है।

Image

Form 26AS कैसे डाउनलोड करें (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Income Tax Return : भारत में टैक्स भरने वाले लोगों के लिए Form 26AS एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है। इसे Annual Information Statement (AIS) भी कहा जाता है। यह किसी भी टै्सपेयर के पूरे वित्तीय लेन-देन और टैक्स से जुड़ी जानकारी का रिकॉर्ड दिखाता है। नए Income-Tax Act 2025 के तहत अब Form 26AS की जगह Form 168 लागू किया गया है। हालांकि फिलहाल लोग अभी भी इसे Form 26AS के नाम से ही जानते हैं। यह दस्तावेज तब अपडेट होता है जब टैक्स काटने वाली संस्थाएं यानी TDS deductors 31 मई तक अपनी Tax Deducted at Source (TDS) रिटर्न जमा कर देती हैं। इसके करीब 7 दिन बाद टैक्सपेयर अपना अपडेटेड Form 26AS देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

Form 26AS में क्या-क्या जानकारी होती है?

Form 26AS में टैक्स से जुड़ी कई अहम जानकारियां होती हैं। इसमें यह पता चलता है कि आपके नाम पर कितना TDS कटा है, कितना Tax Collected at Source (TCS) जमा हुआ है और आपने कितना advance tax या self-assessment tax भरा है। इसके अलावा इसमें बैंकिंग या निवेश से जुड़े बड़े वित्तीय लेन-देन यानी Specified Financial Transactions (SFT) की जानकारी भी दर्ज होती है। अगर टैक्स विभाग की तरफ से कोई रिफंड मिला हो, टैक्स डिमांड हो या कोई मामला लंबित हो, तो उसकी जानकारी भी इसमें दिखाई देती है। अगर किसी प्रॉपर्टी की बिक्री पर सेक्शन 194IA के तहत टैक्स कटा है, तो उसका रिकॉर्ड भी इसमें शामिल रहता है। साथ ही, अगर कहीं TDS में कोई गड़बड़ी या डिफॉल्ट हुआ हो, तो वह भी Form 26AS में दिखाई देता है।

टैक्सपेयर को क्या फायदा मिलता है?

Form 26AS का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे टैक्सपेयर अपनी टैक्स जानकारी आसानी से जांच सकते हैं। अगर किसी जानकारी में गलती दिखाई दे, तो उस पर ऑनलाइन फीडबैक भी दिया जा सकता है। इससे Income Tax Return (ITR) भरने में आसानी होती है और गलतियों की संभावना कम हो जाती है। यह दस्तावेज टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाने और लोगों को स्वेच्छा से सही टैक्स भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने का काम करता है।

बिना Income Tax Portal लॉगिन किए कैसे डाउनलोड करें Form 26AS?

अब टैक्सपेयर बिना Income Tax पोर्टल में लॉगिन किए भी अपने बैंक की वेबसाइट के जरिए Form 26AS डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए आपका PAN बैंक खाते से लिंक होना जरूरी है। सबसे पहले अपने बैंक की नेट बैंकिंग वेबसाइट में लॉगिन करें। वहां ‘Tax Services’ या ‘Income Tax e-filing’ सेक्शन में जाएं। इसके बाद Form 26AS के विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद आप TRACES वेबसाइट पर रीडायरेक्ट हो जाएंगे। वहां एक पॉप-अप दिखाई देगा, जिसमें ‘Proceed’ पर क्लिक करना होगा। फिर संबंधित वित्तीय वर्ष यानी FY 2025-26 या AY 2026-27 चुनें और ‘View As’ में HTML विकल्प सेलेक्ट करें। इसके बाद ‘View/Download’ पर क्लिक करें और फिर ‘Export as PDF’ चुनकर Form 26AS डाउनलोड कर लें।

किन बैंकों से मिलती है यह सुविधा?

कई बड़े बैंक अपने ग्राहकों को यह सुविधा दे रहे हैं। इनमें Axis Bank, HDFC Bank, ICICI Bank, State Bank of India, Punjab National Bank, Canara Bank, Bank of Baroda, Kotak Mahindra Bank और Yes Bank समेत कई बैंक शामिल हैं।

Income Tax Portal से कैसे डाउनलोड करें?

अगर आप सीधे Income Tax Portal से Form 26AS डाउनलोड करना चाहते हैं, तो सबसे पहले Income Tax e-Filing Portal पर जाएं और अपने PAN या Aadhaar नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें। इसके बाद ‘e-File’ सेक्शन में जाएं और ‘Income Tax Returns’ पर क्लिक करें। वहां ‘View Form 26AS’ विकल्प चुनें। फिर आप TRACES वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे, जहां ‘Proceed’ पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ‘View Tax Credit (Form 26AS)’ लिंक चुनें और संबंधित वित्तीय वर्ष सेलेक्ट करें। HTML फॉर्मेट में फाइल देखने के बाद आप इसे PDF में डाउनलोड कर सकते हैं।

क्यों जरूरी है Form 26AS?

एक्सपर्ट्स के अनुसार ITR फाइल करने से पहले Form 26AS जरूर जांचना चाहिए। इससे यह सुनिश्चित हो जाता है कि आपके नाम पर जमा हुआ टैक्स सही तरीके से रिकॉर्ड हुआ है या नहीं। अगर इसमें किसी तरह की गलती हो, तो समय रहते उसे ठीक कराया जा सकता है। यही कारण है कि यह दस्तावेज हर टैक्सपेयर के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article