Forex Reserve:देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट पर ब्रेक लग गया है। बीते 23 फरवरी को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार 2.97 अरब डॉलर बढ़कर 619 अरब डॉलर हो गया। इससे एक सप्ताह पहले कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.13 अरब डॉलर घटकर 616.09 अरब डॉलर रहा था।रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 23 फरवरी को समाप्त सप्ताह में मुद्राभंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.40 अरब डॉलर बढ़कर 548.19 अरब डॉलर हो गयी।
ऑलटाइम से कितना पीछे
रिजर्व बैंक ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार का मूल्य 47.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 47.85 अरब डॉलर हो गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 8.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.19 अरब डॉलर हो गया।रिजर्व बैंक के मुताबिक, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष के पास भारत की आरक्षित जमा भी 90 लाख डॉलर बढ़कर 4.84 अरब डॉलर हो गया। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर 2021 में 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
विदेशी परिसंपत्तियां भी बढ़ी
रिजर्व बैंक के अनुसार, भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियां (Foreign Currency Asset) बढ़ी हैं। बीते 23 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.41 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही एफसीए भंडार बढ़ कर 548.188 अरब डॉलर हो गया है। विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
