बिजनेस

दिसंबर से बदल जाएगा राष्ट्रीय राजमार्गों में सफर का एक्सपीरियंस, टोल पर नहीं होगी रुकने की जरूरत

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस नई प्रणाली के तहत वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था उन्नत प्रौद्योगिकियों पर आधारित होगी, जिसमें वाहन नंबर पहचानने वाली प्रणाली और फास्टैग जैसी इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था शामिल होगी।

Image

नए टोल सिस्टम से यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा।

New Toll System: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि देश के कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिसंबर तक बिना रुकावट के टोल वसूली की नई व्यवस्था लागू की जाएगी। गडकरी ने ’लॉजिस्टिक्स शक्ति समिट एंड अवॉर्ड्स 2026’ के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए कहा कि देश में ढांचागत सुविधाओं को बेहतर बनाकर परिवहन लागत घटाना जरूरी है।

गडकरी ने कहा कि इस नई प्रणाली के तहत वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था उन्नत प्रौद्योगिकियों पर आधारित होगी, जिसमें वाहन नंबर पहचानने वाली प्रणाली और फास्टैग जैसी इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था शामिल होगी।

इस प्रणाली में तेज गति वाले कैमरे और सेंसर के जरिए वाहनों की पहचान की जाएगी और उसी आधार पर टोल शुल्क अपने आप वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वालों को डिजिटल रूप से नोटिस भेजा जाएगा। भुगतान नहीं करने पर फास्टैग बंद किया जा सकता है और वाहन से जुड़ी अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।

भारत को बनाना है वैश्विक शक्ति

गडकरी ने कहा कि यदि भारत को वैश्विक शक्ति बनना है, तो उसे अपनी परिवहन लागत को एक अंक में लाना होगा। उन्होंने बताया कि हाल की एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में एक्सप्रेसवे और आर्थिक गलियारों के निर्माण से परिवहन लागत 16 प्रतिशत से घटकर लगभग 10 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप में यह लागत करीब 12 प्रतिशत है, जबकि चीन में यह आठ से 10 प्रतिशत के बीच है।

पश्चिम एशिया के हालात का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि भारत अपनी 87 प्रतिशत तेल जरूरत आयात से पूरी करता है। उन्होंने बताया कि देश हर साल करीब 22 लाख करोड़ रुपये के जीवाश्म ईंधन आयात करता है, जिससे प्रदूषण भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक और जैव ईंधन के उत्पादन को बढ़ाने की जरूरत है।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article