बिजनेस

PF खाते में ऑनलाइन Nominee जोड़ना हुआ बेहद आसान, घर बैठे ऐसे पूरा करें यह जरूरी काम

EPFO Nominee Guide: अगर आप एक नौकरीपेशा व्यक्ति हैं तो आपको यह जानकारी होनी चाहिए कि EPFO से जुड़ी ऑनलाइन सर्विस का फायदा उठाने के लिए KYC और नॉमिनेशन अपडेट होना जरूरी है।

Image

PF खाते में e-Nomination ऐसे करें पूरा (Photo: iStock)

EPFO Nominee Guide: कर्मचारी भविष्य निधि नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट के लिए पैसे जमा करने का एक सुरक्षित और लंबी अवधि का विकल्प है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF और VPF पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दी गई है। EPFO से जुड़ी कई ऑनलाइन सर्विस का फायदा उठाने के लिए सदस्यों का KYC और नॉमिनेशन अपडेट होना जरूरी है। इसमें ऑनलाइन क्लेम, पासबुक में बैलेंस देखना और दूसरी डिजिटल सुविधाएं शामिल हैं। इसलिए अगर आपने अभी तक PF खाते में e-Nomination नहीं किया है, तो इसे जल्द पूरा करना फायदेमंद रहेगा।

कौन कर सकता है e-Nomination?

EPFO की e-Nomination सुविधा का इस्तेमाल वही सदस्य कर सकते हैं, जिनका UAN, Aadhaar से वेरिफाइड है। इसके लिए सदस्य को EPFO के आधिकारिक पोर्टल पर UAN और पासवर्ड से लॉग-इन करना होता है। नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद Aadhaar आधारित e-Sign के जरिए इसे वैलिडेट करना पड़ता है। इसके लिए Aadhaar से लिंक मोबाइल नंबर पर OTP आता है।

ऑफलाइन कैसे जोड़ें नॉमिनी?

अगर कोई सदस्य ऑनलाइन नॉमिनेशन नहीं करना चाहता है, तो वह ऑफलाइन भी यह काम कर सकता है। इसके लिए नजदीकी EPFO ऑफिस जाकर Form-2 भरकर जमा करना होता है। इस फॉर्म के जरिए EPF, Employees’ Pension Scheme यानी EPS और Employees Deposit Linked Insurance (EDLI) से जुड़े परिवार और नॉमिनेशन की जानकारी दी जा सकती है।

ऑनलाइन e-Nomination का पूरा तरीका

  • सबसे पहले EPFO के सदस्य पोर्टल पर UAN और पासवर्ड से लॉग-इन करें। इसके बाद ‘Manage’ सेक्शन में जाकर ‘e-Nomination’ पर क्लिक करें और ‘Enter new nomination’ विकल्प चुनें।
  • स्क्रीन पर ‘Provide Details’ दिखाई देगा। यहां ‘Proceed’ पर क्लिक कर फैमिली डिक्लेरेशन अपडेट करने के लिए ‘Yes’ चुनें।
  • इसके बाद ‘Add Family Details’ पर क्लिक करें। एक से ज्यादा नॉमिनी जोड़ने के लिए ‘Add now’ विकल्प का इस्तेमाल करें।
  • नॉमिनी की Aadhaar संख्या, नाम, जेंडर, जन्मतिथि, संबंध, पता और फोटो जैसी जानकारी भरनी होगी।
  • नाबालिग नॉमिनी होने पर गार्जियन की जानकारी भी देनी होगी। बैंक अकाउंट की जानकारी देना वैकल्पिक है। फोटो का साइज 100KB से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
  • इसके बाद हर नॉमिनी को दिए जाने वाले हिस्से का प्रतिशत दर्ज करें।
  • अगर एक से ज्यादा नॉमिनी हैं, तो सभी के हिस्से का कुल प्रतिशत 100 होना चाहिए। जानकारी सेव करने के बाद ‘Save EPF Nomination’ पर क्लिक करें।
  • अंत में ‘e-Sign’ पर क्लिक कर Aadhaar या Virtual ID दर्ज करें और ‘Get OTP’ चुनें।
  • Aadhaar से लिंक मोबाइल पर आए OTP को दर्ज कर सहमति दें और ‘Submit’ करें।
इसके बाद ‘Nomination History’ में जाकर देखें कि स्टेटस ‘Nomination Successful’ दिखाई दे रहा है या नहीं। अगर यह स्टेटस दिख रहा है, तो आपका e-Nomination सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।
Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article