EPF Interest Rate Declared: पीएफ खाताधारकों के लिए बड़ी खबर है। करीब तीन साल बाद उन्हें बढ़ी हुई ब्याज दरों का तोहफा मिलने वाला है। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय न्यास बोर्ड (CBT) ने 2022-23 के लिए 8.15 फीसदी ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। इसके पहले 2021-22 के लिए ईपीएफ खाताधारकों को 8.10 फीसदी ब्याज मिल रहा था। CBT की इस मंजूरी के बाद वित्त मंत्रालय नई दरों को जल्द ही नोटिफाई कर सकता है। बढ़ी हुई ब्याज दरों का करीब 5 करोड़ खाताधारकों को फायदा मिलेगा।
2018-19 से लगातार घट रही थी ब्याज दरें
EPF पर ब्याज दरों का ट्रेंड देखा जाय तो यह साल 2018-19 से लगातार घट रही थीं। उस वक्त ब्याज दरें 8.65 फीसदी के स्तर पर थीं। जो 2021-22 तक आकर 8.1 फीसदी पर आ गई। केंद्रीय न्यास बोर्ड (CBT) ने 2022-23 के लिए 8.15 फीसदी ब्याज दर को मंजूरी दे दी है।सोमवार (27 मार्च) को शुरू हुई मीटिंग के बाद केंद्रीय न्यास बोर्ड (CBT) ने 2022-23 के लिए 8.15 फीसदी ब्याज दर को मंजूरी दे दी है।
क्या है कर्मचारी भविष्य निधि (EPF)
यह स्कीम प्राइवेट नौकरी करने वाले कर्मचारियों के लिए है। जिस कंपनी में 20 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं, उन पर यह नियम लागू होता है। इसके तहत कर्मचारी की बेसिक सैलरी और डीए का 12 फीसदी हिस्सा पीएफ फंड में जमा किया जाता है और इतना ही हिस्सा नियोक्ता की ओर से भी जमा किया जाता है। हालांकि नियोक्ता के हिस्से में से 8.33 फीसदी राशि कर्मचारी पेंशन योजना में जमा की जाती है। जबकि शेष 3.67 फीसदी राशि EPF में निवेश की जाती है। रिटायरमेंट के बाद पीएफ का पैसा कर्मचारियों को एकमुश्त और ईपीएस का पैसा पेंशन के तौर पर मिलता है।
