बिजनेस

खतरे की घंटी! अमेजन में शुरू हुई छंटनी, कर्मचारियों को लिखे पत्र में कंपनी ने कहा...

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Nov 17, 2022, 12:03 PM IST

Amazon Layoff: मई में अमेजन की स्थानीय शाखा ने कहा था कि यह अप्रत्यक्ष और अनुबंध नौकरियों सहित 1.1 मिलियन से ज्यादा रोजगार के अवसर देती है।

Image

Amazon Layoffs: अमेजन में बड़े पैमाने पर छंटनी, कंपनी ने लिखा पत्र-हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि...

Photo : BCCL

नई दिल्ली। दुनिया भर में कंपनियां लगातार कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। हाल ही में कई दिग्गज कंपनियों ने हजारों नौकरियों में कटौती की घोषणा की थी। अब इस लिस्ट में ई-कॉमर्स की दिग्गज कंपनी अमेजन (Amazon) भी शामिल हो गई है। अमेजन ने हजारों लोगों को नौकरी से निकालने की योजना बनाई है। इस कदम से कथित तौर पर लगभग 10,000 लोग प्रभावित होंगे। इस मामले में कुछ लोगों ने इकोनॉमिक टाइम्स को बताया कि वैश्विक छंटनी की लहर के बीच अमेजन इंडिया (Amazon India) कई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। अमेजन इंडिया की छंटनी की कवायद से सभी डिवीजन पर असर पड़ने की उम्मीद है।

भारत में कई व्यवसायों का संचालन करती है अमेजन

हालांकि भारत में प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या अभी तक सामने नहीं आई है। अमेजन इंडिया हेडकाउंट 1,00,000 पर अनुमानित है। हाल ही में ग्लोबल मीडिया ने कहा था कि जेफ बेजोस (Jeff Bezos) द्वारा स्थापित टेक प्रमुख10,000 कॉर्पोरेट और प्रौद्योगिकी कर्मचारियों को निकाल सकती है। अमेजन भारत में ई-कॉमर्स, अमेजन वेब सर्विस (Amazon Web Services) के तहत डेटा सेंटर और प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) सहित विभिन्न व्यवसायों का संचालन करती है।

कर्मचारियों की नौकरी पर संकट

इस घटनाक्रम से जुड़े एक शख्स ने बताया कि भारत में छंटनी हो रही है और नंबरों पर चर्चा जारी है। आगे बताया गया कि ऐसा लगता है कि यह मेटा (Meta) के स्वामित्व वाले फेसबुक (Facebook) और अन्य कंपनियों की तुलना से भी बड़े पैमाने पर हो सकती है।

इन विभागों में होगी छंटनी (Amazon Layoff)

बेंगलुरु में एक भर्ती सर्विस फर्म में कार्यरत एक कार्यकारी के अनुसार, शेयर्ड सर्विस, बैक-ऑफिस और रिटेल ऑपरेशन में लगे अमेजन इंडिया के सैकड़ों कर्मचारियों को छंटनी की कवायद से खतरा है। नौकरी में कटौती इंजीनियरिंग और अन्य विभागों में होगी। एक रिपोर्ट के अनुसार, यह वैश्विक छंटनी अमेजन के इतिहास में सबसे बड़ी होगी और मुख्य रूप से इसके डिवाइस संगठन, रिटेल डिवीजन और मानव संसाधनों को प्रभावित करेगी।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article