बिजनेस

WhatsApp पर मिलेगा ड्राइविंग लाइसेंस, जाति प्रमाण पत्र और मैरिज सर्टिफिकेट, दिल्ली में मिलेगी यह नई सरकारी सुविधा

अगर यह स्कीम सफल होती है, तो दिल्ली के लोगों को लंबी लाइनों, दलालों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

Image

WhatsApp Governance (Istock)

दिल्ली सरकार अब एक नई और अनोखी सेवा शुरू करने की योजना बना रही है, जिसका नाम है ‘व्हाट्सऐप गवर्नेंस’। इस योजना के तहत राजधानी के नागरिक अब घर बैठे ही व्हाट्सऐप के जरिए कई सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। सरकार की योजना है कि लोग अपने स्मार्टफोन से ही शादी का सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद दस्तावेज सत्यापित होने के बाद फिर QR कोड के जरिए प्रमाण पत्र डाउनलोड भी कर सकेंगे। दिल्ली सरकार के सरकारी सूत्रों से यह जानकारी मिली है।

25 से 30 सेवाओं से शुरुआत होगी

शुरुआत में इस योजना में 25 से 30 सेवाओं को शामिल किया जाएगा, जिन्हें बाद में बढ़ाया जाएगा। सेवा शुरू करने के लिए नागरिकों को एक तय मोबाइल नंबर पर “Hi” लिखकर भेजना होगा, जिससे प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। दिल्ली सरकार इस सेवा को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में चैटबॉट के माध्यम से उपलब्ध कराएगी, जिससे हर वर्ग के लोग इसका आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे। जिन लोगों के पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, उनके लिए सरकार की ओर से हर जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) बनाए जाएंगे, जहां से वे मदद ले सकेंगे।

जल्द पायलट प्रोजेक्ट शुरू होने की उम्मीद

सरकारी सूत्रों की मानें तो यह योजना अभी विचाराधीन अवस्था में है और जल्द ही इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरू हो सकता है। अधिकारियों का मानना है कि यह सुविधा लोगों को पारदर्शिता, सरलता और 24x7 सेवाएं देने की दिशा में बड़ा कदम होगी। गौरतलब है कि इससे पहले आम आदमी पार्टी सरकार ने 1076 डोरस्टेप डिलीवरी सेवा शुरू की थी, जिसमें सरकारी सेवाएं घर तक पहुंचाई जाती थीं, लेकिन वह योजना अब बंद हो चुकी है। 'व्हाट्सऐप गवर्नेंस' उस सोच को एक नया डिजिटल रूप देने की कोशिश है।

अगर यह योजना सफल होती है, तो दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य बन सकता है जो इस तरह से डिजिटल तरीके से नागरिक सेवाएं प्रदान करेगा। इससे लोगों को लंबी लाइनों, दलालों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article