बिजनेस

Loan NOC हर EMI के बाद मिलता है या पूरा लोन चुकाने पर? जानें जरूरी नियम

Loan NOC Rules: लोन लेने के बाद भी बहुत से लोगों को यह कंफ्यूजन रहता है कि लोन एनओसी हर ईएमआई चुकाने के बाद मिलती है या पूरा लोन चुकाया जाना जरूरी है। इसके लिए नियम को समझना जरूरी है।

Image

कब मिलता है लोन एनओसी (Photo: iStock)

Loan NOC Rules: जब कोई व्यक्ति होम लोन (Home Loan), कार लोन (Car Loan) या पर्सनल लोन (Personal Loan) लेता है तो उसे हर महीने तय तारीख पर EMI चुकानी होती है। नियमित किस्तों का भुगतान करने से लोन की बकाया राशि धीरे-धीरे कम होती है। लेकिन क्या हर EMI भरने के बाद बैंक से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) भी मिलता है? आइए समझते हैं क्या कहता है नियम

दरअसल, हर ईएमआई भरने के बाद बैंक से एनओसी नहीं मिलती है। आमतौर पर बैंक या वित्तीय संस्थान पूरा लोन चुकाने के बाद ही NOC जारी करते हैं।

क्या होता है Loan NOC?

लोन एनओसी एक आधिकारिक डॉक्यूमेंट है, जिसे बैंक या लोन देने वाली संस्था जारी करती है। इसमें पुष्टि की जाती है कि ग्राहक ने अपने लोन की पूरी बकाया राशि चुका दी है और अब उसके खाते में कोई बकाया नहीं है। इसे लोन क्लोजर सर्टिफिकेट या क्लोजर लेटर भी कहा जा सकता है।

हर EMI में मूलधन और ब्याज का भुगतान शामिल होता है। किस्त चुकाने से बकाया रकम कम होती है, लेकिन इससे लोन खाता बंद नहीं हो जाता। इसलिए हर महीने EMI भरने के बाद NOC जारी नहीं की जाती।

जब ग्राहक आखिरी EMI चुका देता है और उस पर कोई अतिरिक्त शुल्क, जुर्माना या अन्य बकाया नहीं रहता, तब बैंक खाते और डॉक्यूमेंट्स की जांच करता है। इसके बाद NOC जारी की जाती है। अगर ग्राहक समय से पहले पूरा लोन चुकाता है, तो जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी यह दस्तावेज मांगा जा सकता है।

Loan NOC क्यों है जरूरी?

लोन एनओसी इस बात का लिखित प्रमाण है कि ग्राहक ने अपनी भुगतान संबंधी जिम्मेदारी पूरी कर दी है। भविष्य में बैंक के रिकॉर्ड में कोई गलती होने या बकाया राशि को लेकर विवाद पैदा होने पर यह डॉक्यूमेंट काम आ सकता है। खासकर सिक्योर्ड लोन के मामले में इस डॉक्यूमेंट की अहमियत बढ़ जाती है।

उदाहरण के लिए, कार लोन चुकाने के बाद वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) से हाइपोथिकेशन हटाने के लिए संबंधित दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, होम लोन के मामले में प्रॉपर्टी पर बैंक का चार्ज हटवाने के लिए लोन क्लोजर से जुड़े दस्तावेज जरूरी हो सकते हैं।

NOC नहीं मिले तो क्या करें?

अगर पूरा लोन (Loan) चुकाने के बाद भी तय समय में एनओसी नहीं मिलती, तो सबसे पहले अपने लोन खाते, पेमेंट और क्लोजर से जुड़ी जानकारी की जांच करें। नाम और दूसरी डिटेल्स का सही होना जरूरी है। इसके बाद बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित शाखा के जरिए एनओसी के लिए रिक्वेस्ट कर सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article