बिजनेस

म्यूचुअल फंड में डायरेक्ट या रेग्युलर, समझें किसे चुनना फायदेमंद और क्या है फर्क

म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय ज्यादातर लोग इस दुविधा में फंस जाते हैं कि उन्हें डायरेक्ट फंड चुनना चाहिए या रेगुलर फंड। दोनों विकल्प अच्छे हैं, लेकिन सही चुनाव आपकी जरूरत और निवेश अनुभव पर निर्भर करता है। आइए समझते हैं कि आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर साबित हो सकता है।

Mutual Fund

भारत में म्यूचुअल फंड को एक सुरक्षित और लंबे समय तक बेहतर रिटर्न देने वाला निवेश विकल्प माना जाता है। अगर आप भी म्यूचुअल फंड में निवेश करने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय ये फैसला कि डायरेक्ट फंड चुनें या रेगुलर, अक्सर लोगों को उलझन में डाल देता है। दोनों ही अच्छे होते हैं, लेकिन फर्क इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी जानकारी रखते हैं और अपने निवेश को खुद संभालना चाहते हैं या नहीं। अगर मार्केट की बारीकियों को समझते हैं तो डायरेक्ट फंड आपके लिए सही हैं, और अगर आप चाहते हैं कि कोई एक्सपर्ट आपका पैसा संभाले, तो रेगुलर फंड बेहतर साबित होंगे।

सही चुनाव आपकी ज़रूरत, सुविधा और वित्तीय लक्ष्यों के हिसाब से ही तय होता है। किसी भी विकल्प को चुनने से पहले उसके खर्च, रिटर्न, लाभ और नुकसान को समझना जरूरी है, ताकि आपका निवेश आगे चलकर आपकी उम्मीदों पर खरा उतर सके। आइए आपको इन दोनों के बीच का फर्क बताते हैं।

डायरेक्ट म्यूचुअल फंड क्या होते हैं?

डायरेक्ट फंड में आप सीधे फंड हाउस या AMC (एसेट मैनेजमेंट कंपनी) के साथ निवेश करते हैं। इसमें कोई एजेंट या ब्रोकर शामिल नहीं होता, इसलिए आपको किसी तरह का कमीशन नहीं देना पड़ता। इसी वजह से डायरेक्ट फंड्स का एक्सपेंस रेश्यो कम होता है और लंबे समय में रिटर्न थोड़ा बेहतर मिलता है।

अगर आपको मार्केट की बेसिक समझ है और आप खुद रिसर्च कर सकते हैं, तो डायरेक्ट फंड आपके लिए अच्छा विकल्प है। आप AMC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से निवेश शुरू कर सकते हैं।

रेगुलर म्यूचुअल फंड क्या होते हैं?

रेगुलर फंड में आप किसी सलाहकार, एजेंट या डिस्ट्रीब्यूटर की मदद से निवेश करते हैं। ये लोग आपके लिए फंड चुनने में गाइड करते हैं और इसके बदले आपको कमीशन देना पड़ता है। इस वजह से इन फंड्स का एक्सपेंस रेश्यो डायरेक्ट फंड से ज्यादा होता है। अगर आपको मार्केट की जानकारी नहीं है, रिसर्च करने का समय नहीं है या आप गाइडेंस चाहते हैं, तो रेगुलर फंड आपके लिए सही रहेंगे।

कौन सा फंड आपके लिए सही है?

कौन सा फंड आपके लिए सही है, यह पूरी तरह आपकी वित्तीय समझ और आपके निवेश लक्ष्यों पर निर्भर करता है। यदि आप मार्केट को समझते हैं, रिसर्च करना पसंद करते हैं और खुद निवेश से जुड़े फैसले ले सकते हैं, तो डायरेक्ट म्यूचुअल फंड आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं, क्योंकि इनमें खर्च कम होता है और लंबे समय में रिटर्न थोड़ा ज्यादा मिल सकता है। वहीं, यदि आप मार्केट की जटिलताओं में नहीं पड़ना चाहते, रिसर्च का समय नहीं है या आप निवेश फैसलों में किसी विशेषज्ञ की सलाह लेना पसंद करते हैं, तो रेगुलर म्यूचुअल फंड आपके लिए सही रहेंगे। आखिर में, डायरेक्ट और रेगुलर दोनों ही विकल्प अच्छे हैं—बस आपको अपनी जरूरत और सुविधा के हिसाब से सही चुनाव करना होता है।

लेटेस्ट न्यूज

रिचा त्रिपाठी
रिचा त्रिपाठी Author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article