बिजनेस

होर्मुज में तनाव के बावजूद पाकिस्तान में पेट्रोल में 5 रुपये की गिरावट; भारत में कल ही हुआ था इतना इजाफा

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को सरकार ने पांच रुपये कम कर दिया है। वहां पेट्रोल की कीमत 5 रुपये घटाकर 409.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कर दी गईं हैं, जबकि हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत भी 5 रुपये कम होकर 409.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

Image

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी।

होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता जारी है। भारत समेत पूरी दुनिया पर इसका असर देखा जा रहा है। कई देशों में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, मगर इन सबके बीच पाकिस्तान से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। वैश्विक तनाव के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 रुपये (पाकिस्तानी रुपये) प्रति लीटर की कटौती की है। भारत के पड़ोसी देश में नई दरें 16 मई 2026 से लागू होंगी।

इस बाबत पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को अधिसूचना भी जारी कर दी थी। इसमें बताया गया कि पेट्रोल की कीमत 5 रुपये घटाकर 409.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कर दी गई है,जबकि हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत भी 5 रुपये कम होकर 409.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

अब 15 नहीं सात दिनों में हो रही कीमतों की समीक्षा

आमतौर पर पाकिस्तान में ईंधन कीमतों की समीक्षा हर 15 दिन में की जाती थी,लेकिन मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने अब साप्ताहिक संशोधन प्रणाली अपनाई है। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण यह फैसला लिया गया है।

पिछले हफ्ते बढ़े थे 15 रुपये

पाकिस्तान ने पेट्रोल-डीजल के रेट में यह कटौती ऐसे समय में की गई है जब एक सप्ताह पहले ही पाकिस्तान ने पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 15 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। तब सरकार ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े आपूर्ति संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को इसकी वजह बताया था।

भारत में बीते दिन हुआ था इतना इजाफा

इस तनाव का असर भारत पर भी पड़ रहा है। तेल और गैस का आयात उस तरह से नहीं हो पा रहा है जैसा पूर्व में होता था। इसी को देखते हुए बीते दिन तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी कर दी थी। इस बढ़ोतरी के बाद नयी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

108 डॉलर के ऊपर बना हुआ है ब्रेंट क्रूड

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 108 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है। अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद से तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंकाओं ने बाजार को अस्थिर कर रखा है। होर्मुज़ जलडमरूमध्य से दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल और एलएनजी आपूर्ति गुजरती है, इसलिए वहां तनाव बढ़ने का असर सीधे वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है।

पाकिस्तान पर बढ़ा आर्थिक दबाव

पाकिस्तान अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयातित पेट्रोलियम उत्पादों और एलएनजी पर निर्भर है। ऐसे में वैश्विक कीमतों में उछाल का सीधा असर उसकी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। ईंधन महंगा होने से परिवहन, बिजली उत्पादन और खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ता है, जिससे महंगाई को लेकर चिंताएं और गहरी हो गई हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article