बिजनेस

इस बैंक के ग्राहकों की हो गई मौज, सिर्फ 1 साल में मिल गया 70 हजार से ज्यादा का फिक्स ब्याज

अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ गारंटीड कमाई चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। इस सरकारी बैंक ने अपनी एफडी स्कीम में ऐसा रिटर्न दिया है कि ग्राहकों को सिर्फ 1 साल में 70 हजार रुपये से ज्यादा का फिक्स ब्याज मिल गया। रेपो रेट में कटौती के बावजूद बैंक की यह स्कीम निवेशकों के लिए शानदार मौका साबित हो रही है।

Image

Fixed Deposit

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा रेपो रेट में लगातार कटौती के बाद जहां एक तरफ लोन सस्ते हो गए हैं, वहीं दूसरी तरफ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर मिलने वाला ब्याज धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। दिसंबर में RBI ने एक बार फिर रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की, जिससे इस साल कुल मिलाकर 1.25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। आमतौर पर रेपो रेट घटने के बाद बैंक भी एफडी की ब्याज दरें घटा देते हैं, लेकिन इस माहौल में बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) ने अपने ग्राहकों को राहत दी है। सार्वजनिक क्षेत्र का यह बैंक अभी भी एफडी पर पहले जैसी आकर्षक ब्याज दरें ऑफर कर रहा है, जिससे निवेशकों के लिए यह एक बेहतर विकल्प बना हुआ है।

बैंक ऑफ बड़ौदा में ग्राहक 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की अवधि के लिए एफडी करा सकते हैं। बैंक फिलहाल एफडी पर 3.50 प्रतिशत से लेकर 7.20 प्रतिशत तक का ब्याज दे रहा है। खास बात यह है कि बैंक की कुछ चुनिंदा अवधि वाली एफडी स्कीम्स पर सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजन को अतिरिक्त फायदा मिल रहा है। ऐसे समय में जब ज्यादातर बैंक एफडी रेट घटा रहे हैं, बैंक ऑफ बड़ौदा की यह पेशकश निवेशकों को आकर्षित कर रही है।

कितने दिन पर कितना ब्याज?

बैंक ऑफ बड़ौदा की 444 दिन की एफडी स्कीम सबसे ज्यादा चर्चा में है। इस स्कीम में सामान्य नागरिकों को 6.60 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है, जबकि सीनियर सिटीजन को 7.10 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन यानी 80 साल से अधिक उम्र के लोगों को 7.20 प्रतिशत तक का ब्याज दिया जा रहा है। इसके अलावा, 3 साल की एफडी पर भी बैंक अच्छी ब्याज दर ऑफर कर रहा है। इस अवधि के लिए सामान्य नागरिकों को 6.50 प्रतिशत, सीनियर सिटीजन को 7.00 प्रतिशत और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.10 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है।

3 लाख पर मिलेंगे 70,524

अगर 3 लाख रुपये के निवेश की बात करें, तो बैंक ऑफ बड़ौदा की 444 दिनों के लिए एफडी स्कीम में गारंटीड रिटर्न और भी आकर्षक हो जाता है। मान लीजिए कोई सुपर सीनियर सिटीजन (80 साल से अधिक उम्र) बैंक ऑफ बड़ौदा में 3,00,000 रुपये की एफडी कराता है। मौजूदा ब्याज दर 7.10 प्रतिशत के हिसाब से मैच्योरिटी पर उसे कुल करीब 3,70,524 रुपये मिलेंगे। इसमें 70,524 रुपये का फिक्स ब्याज शामिल होगा।

यानी सिर्फ एक साल में बिना किसी जोखिम के निवेशक को 70 हजार रुपये से ज्यादा का सुनिश्चित मुनाफा मिल सकता है। यह रिटर्न पूरी तरह सुरक्षित है और शेयर बाजार या किसी भी तरह के उतार-चढ़ाव से प्रभावित नहीं होता, जिससे यह स्कीम खासकर वरिष्ठ निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बन जाती है। रेपो रेट में कटौती के दौर में जहां एफडी निवेशक बेहतर विकल्प तलाश रहे हैं, वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा की ये ब्याज दरें उन्हें राहत देती हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article