बिजनेस

IPO Update: क्रॉस लिमिटेड का 9 सितंबर को खुलेगा आईपीओ, इन दो कंपनियों के इश्यू का कैसा रहा हाल, जानें अपडेट

IPO Update: क्रॉस लिमिटेड के 500 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 228-240 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है।आईपीओ नौ सितंबर को खुलेगा और वह 11 सितंबर को बंद होगा ।

Image

आईपीओ अपडेट

Photo : Twitter

IPO Update:रियल एस्टेट कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने निजी नियोजन के जरिये संस्थागत निवेशकों को शेयर बेचकर 5,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं।कंपनी ने धन जुटाने के लिए 29 अगस्त को पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) जारी किया था।प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, निदेशक मंडल की वित्त पोषण जुटाने वाली समिति ने पात्र संस्थागत निवेशकों को 1,674 रुपये प्रति शेयर के निर्गम मूल्य पर 2,98,68,578 शेयरों के आवंटन को मंजूरी दी।यह निर्गम मूल्य समिति द्वारा निर्धारित 1,755.09 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य से 4.62 प्रतिशत कम था।बेंगलुरु स्थित प्रेस्टीज एस्टेट्स देश के अग्रणी डेवलपर में से एक है, जिसकी दक्षिण भारतीय बाजार में अच्छी उपस्थिति है। कंपनी ने मुंबई और दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बाजारों में भी प्रवेश किया है।

Cross Limited IPO

वाहन कलपुर्जा विनिर्माता क्रॉस लिमिटेड के 500 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 228-240 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है।कंपनी ने बुधवार को कहा कि नौ सितंबर को खुलने वाला उसका सार्वजनिक निर्गम 11 सितंबर को बंद होगा जबकि प्रमुख (एंकर) निवेशक छह सितंबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।जमशेदपुर स्थित कंपनी के इस आईपीओ में 250 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों के नए निर्गम और प्रवर्तकों की तरफ से 250 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश का मेल शामिल है।कंपनी आईपीओ से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल मशीनरी और उपकरणों की खरीद, कर्ज भुगतान और कार्यशील पूंजी जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, एक हिस्सा सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च किया जाएगा।

Gala Precision Engineering

गाला प्रिसिजन इंजीनियरिंग के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन 201.44 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती शेयर बिक्री में 22,23,830 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 44,79,68,752 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।

गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए रखे गए हिस्से को 414.65 गुना अभिदान मिला, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 232.54 गुना अभिदान प्राप्त हुआ। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 91.99 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article