बिजनेस

एक दिन में 500% उछला चिप कंपनी का शेयर! एशिया के सबसे बड़े IPO ने पहले ही दिन बनाया रिकॉर्ड

चीन में लिस्ट हुई एक कंपनी ने इतिहास रच दिया है। चिप मेकर कंपनी के शेयर में लिस्टिंग के दिन ही 500% की तेजी आई है। 122 रुपये का शेयर पहले ही दिन 700 रुपये से ज्यादा का हो गया।

Image

पहले ही दिन बंपर रिटर्न

शेयर बाजार में किसी कंपनी के शेयर में अगर 5-10% का उछाल आ जाए, तो निवेशकों में हलचल मच जाती है। वहीं, अक्सर लिस्टिंग के दिन शेयर प्राइस में 20-30% की उम्मीद की जाती है। लेकिन, अगर कोई शेयर एक ही दिन में 500% से ज्यादा चढ़ जाए, तो यह इतिहास बन जाता है। चीन की मेमोरी चिप निर्माता CXMT Corp ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। एशिया के इस साल के सबसे बड़े IPO के बाद कंपनी के शेयर ने पहले ही कारोबारी दिन निवेशकों को मालामाल कर दिया और बाजार में नया रिकॉर्ड बना दिया है।

पहले ही दिन 500% की तेजी

IPO में CXMT Corp के शेयर निवेशकों को 8.66 युआन यानी करीब 122.64 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से मिली। लेकिन, लिस्टिंग के बाद शेयर पहले ही दिन 54.65 युआन यानी 773.92 रुपये तक पहुंच गया, यानी एक दिन में 500% से ज्यादा का रिटर्न मिला है।

पहले दिन ही बना चीन की सबसे बड़ी कंपनी

शेयर में आई इस ऐतिहासिक तेजी के साथ CXMT का मार्केट कैप बढ़कर करीब 3.65 ट्रिलियन युआन (करीब 539 अरब डॉलर) पहुंच गया। इसके साथ ही कंपनी ने चीन के सबसे बड़े सरकारी बैंक Industrial and Commercial Bank of China (ICBC) को भी पीछे छोड़ दिया और देश की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि कंपनी का वैल्यूएशन IPO के समय करीब 85.5 अरब डॉलर था, जो पहले ही दिन कई गुना बढ़ गया।

एशिया का सबसे बड़ा IPO क्यों बना चर्चा में?

CXMT ने अपने IPO के जरिए 66.6 अरब युआन (करीब 9.8 अरब डॉलर) जुटाए। यह 2026 का एशिया का सबसे बड़ा IPO है और चीन के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा इश्यू भी है। कंपनी ने 6.688 अरब शेयर जारी किए और उनका इश्यू प्राइस 8.66 युआन रखा। दिलचस्प बात यह रही कि 66.6, 6.688 और 8.66 जैसे अंक चीन में शुभ माने जाते हैं, इसलिए इन्हें सोच-समझकर चुना गया।

क्या करती है CXMT?

पहले ChangXin Memory Technologies के नाम से जानी जाने वाली CXMT आज चीन की सबसे बड़ी घरेलू मेमोरी चिप निर्माता कंपनी है। कंपनी DRAM (डायनामिक रैंडम एक्सेस मेमोरी) चिप बनाती है, जिनका इस्तेमाल स्मार्टफोन, लैपटॉप, सर्वर और AI डेटा सेंटर में होता है। CXMT फिलहाल दुनिया की चौथी सबसे बड़ी DRAM चिप निर्माता कंपनी मानी जाती है। कंपनी अब हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) पर भी तेजी से काम कर रही है, जिसकी AI सेक्टर में जबरदस्त मांग है।

212 गुना सब्सक्राइब हुआ IPO

निवेशकों में इस IPO को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 212 गुना सब्सक्राइब हुआ। करीब 94 लाख आवेदन मिले।

कुल 7.07 ट्रिलियन युआन की बोलियां लगीं। यह हाल के कई बड़े IPO की तुलना में कहीं अधिक मांग थी।

क्यों खास है यह रिकॉर्ड?

शेयर बाजार में किसी बड़े IPO के बाद पहले दिन इतनी बड़ी तेजी बहुत कम देखने को मिलती है। CXMT ने न केवल इस साल एशिया के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड बनाया, बल्कि पहले ही दिन मार्केट कैप के मामले में चीन की सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनी बनने का भी कारनामा कर दिखाया। अगर कंपनी आने वाले वर्षों में AI और एडवांस मेमोरी चिप्स के क्षेत्र में अपनी बढ़त बनाए रखती है, तो वह वैश्विक बाजार में Samsung, SK Hynix और Micron जैसी दिग्गज कंपनियों को कड़ी चुनौती दे सकती है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article