Rhenium Powder in Gold : सोने की शुद्धता जांचने वाली मशीनें भी धोखा खा सकती हैं! राजस्थान के जोधपुर में सोने में मिलावट का एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने ज्वेलरी बाजार से लेकर हॉलमार्किंग व्यवस्था तक पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्योंकि, चीन से आए रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन तो बढ़ाया जा सकता है, लेकिन सामान्य मशीनों की जांच में उसकी शुद्धता कम नहीं दिखाई देती।
चीन का यह चालाक पाउडर का कारनामा
जोधपुर गोल्ड की प्योरिटी पर में किए गए एक टेस्ट में 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया। इससे सोने और पाउडर का कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया। हैरानी की बात यह रही कि इसके बाद भी कैरेट जांच में यह मिश्रण 24 कैरेट सोना बताया गया। यानी वजन बढ़ गया, लेकिन मशीन की रिपोर्ट में सोने की शुद्धता पर कोई असर दिखाई नहीं दिया।
मशीन नहीं पकड़ पाई मिलावट
इस प्रयोग के बाद रेनियम मिले सोने से पारंपरिक राजस्थानी राजपूती आभूषण तैयार करवाया गया। इसके बाद गहने को जोधपुर के नई सड़क स्थित शोरूम में जांच के लिए ले जाया गया। यहां मशीन की रिपोर्ट में 93.70 प्रतिशत सोना, 5.39 प्रतिशत चांदी और 0.90 प्रतिशत तांबा बताया गया। रिपोर्ट में रेनियम का कहीं कोई उल्लेख नहीं था।
हॉलमार्क भी मिल गया
मामला यहीं नहीं रुका। इस आभूषण पर 22 कैरेट यानी 916 हॉलमार्क भी जारी हो गया। इसके बाद सरदारपुरा बी रोड स्थित एक ब्रांडेड शोरूम में गहने की जांच कराई गई। वहां की मशीन ने भी इसे 22 कैरेट सोना बताया। यानी रेनियम मिले आभूषण को अलग-अलग जगह जांच में शुद्धता के लिहाज से 22 कैरेट माना गया।
कहां से आया रेनियम पाउडर?
इस पूरे मामले में चीन के शेन्जेन शहर के एक एजेंट से भी संपर्क किया गया। एजेंट ने दावा किया कि रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा सकता है। यहां तक कि 25 प्रतिशत तक मिलावट करने पर भी सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। इसके साथ ही एजेंट ने भारत में ही अपने डिस्ट्रिब्यूटर्स के जरिये पाउडर उपलब्ध करा दिया।
बेरोकटोक बिक रहा चीनी पाउडर
इस पाउडर की उपलब्धता और बिक्री को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि देश के कई शहरों में इसकी बेरोकटोक बिक्री हो रही है। ऐसे में यह आशंका प्रबल है कि अगर इस तरीके का इस्तेमाल ज्वेलरी कारोबार में होने लगा, तो ग्राहकों के लिए असली और मिलावटी सोने के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता है।
गहने पर मिले लाखों के ऑफर
रेनियम मिले इस आभूषण को बेचने के लिए अलग-अलग शोरूम में संपर्क किया गया। हैरानी की बात यह रही कि अलग-अलग शोरूम से इसके लिए 1.23 लाख रुपये और 1.17 लाख रुपये तक के ऑफर मिले। यानी जिन जांच मशीनों से सोने की शुद्धता का पता लगाने की उम्मीद की जाती है, वे कथित तौर पर रेनियम की मौजूदगी नहीं पकड़ सकीं और गहने को सामान्य सोने की तरह स्वीकार किया गया।
ज्वेलर्स के लिए चिंता का मामला
IBJA राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष और जोधपुर बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सोनी ने भी सोने की शुद्धता और मिलावट की जांच को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर सोने में मिलावट सामान्य मशीनों और हॉलमार्किंग जांच से नहीं पकड़ी जा रही, तो आम ग्राहक अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर खरीदे गए गहनों की शुद्धता पर भरोसा कैसे करे? हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र वैज्ञानिक और नियामकीय पुष्टि बेहद जरूरी है।
