आधार–पैन लिंक को लेकर करदाताओं के लिए एक बेहद अहम अपडेट सामने आया है। आयकर विभाग ने साफ कर दिया है कि PAN को आधार से लिंक करने की अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2025 है। अगर इस तय समयसीमा तक यह काम पूरा नहीं किया गया, तो 1 जनवरी 2026 से PAN कार्ड निष्क्रिय (Inactive) हो जाएगा। इसका सीधा असर आपकी टैक्स फाइलिंग, बैंकिंग और निवेश से जुड़ी गतिविधियों पर पड़ेगा।
आधार–पैन लिंक करना क्यों है जरूरी?
जिन लोगों ने 1 जुलाई 2017 या उससे पहले PAN कार्ड बनवाया है, उनके लिए आधार–पैन लिंक करना अनिवार्य है। आयकर विभाग का कहना है कि बिना लिंक किए PAN कार्ड वैध नहीं माना जाएगा। अगर PAN निष्क्रिय हो गया, तो आप इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल नहीं कर पाएंगे, टैक्स रिफंड अटक सकता है और कई बैंकिंग सेवाएं भी बंद हो सकती हैं।
लेट फीस कितनी देनी होगी?
जिन करदाताओं ने अब तक PAN–आधार लिंक नहीं किया है, उन्हें ₹1,000 का जुर्माना देना होगा। हालांकि, जिन लोगों ने 1 अक्टूबर 2024 के बाद आधार नामांकन ID के जरिए PAN बनवाया है, वे 31 दिसंबर 2025 तक बिना किसी फीस के यह लिंकिंग कर सकते हैं।
आधार को PAN से कैसे लिंक करें?
आधार–पैन लिंक करने की प्रक्रिया बहुत आसान है और इसे आप घर बैठे ऑनलाइन पूरा कर सकते हैं
1. आयकर विभाग की ई-फाइलिंग वेबसाइट पर जाएं
2. अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉग इन करें
3. प्रोफाइल सेक्शन में जाकर ‘Link Aadhaar’ ऑप्शन चुनें
4. PAN नंबर और आधार नंबर दर्ज करें
5. ₹1,000 की फीस (अगर लागू हो) e-Pay Tax के जरिए जमा करें
6. भुगतान के बाद लिंकिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी
कैसे चेक करें आधार–पैन लिंक स्टेटस?
अगर आपको नहीं पता कि आपका PAN आधार से लिंक है या नहीं, तो आप यह आसानी से जांच सकते हैं
1. ई-फाइलिंग वेबसाइट पर जाएं
2. ‘Link Aadhaar Status’ विकल्प पर क्लिक करें
3. PAN और आधार नंबर डालें
4. स्क्रीन पर लिंकिंग स्टेटस दिख जाएगा
PAN लिंक न करने पर क्या नुकसान होगा?
अगर आपने तय समय सीमा तक आधार–पैन लिंक नहीं कराया, तो इसका सीधा असर आपकी रोजमर्रा की फाइनेंशियल जरूरतों पर पड़ सकता है। निष्क्रिय PAN होने की स्थिति में आप इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं कर पाएंगे और न ही आपको टैक्स रिफंड मिल सकेगा। इसके अलावा आपकी आय पर TDS ज्यादा दर से काटा जा सकता है। बैंकिंग से जुड़े कामों में भी दिक्कत आएगी, जैसे कैश जमा करना, नया बैंक अकाउंट खोलना या KYC पूरा कराना। इतना ही नहीं, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार और क्रेडिट कार्ड से जुड़े कई जरूरी काम अटक सकते हैं। कई मामलों में तो वित्तीय संस्थान निष्क्रिय PAN के चलते आपकी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद भी कर सकते हैं, जिससे आपको आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अगर आपने अभी तक PAN को आधार से लिंक नहीं किया है, तो आखिरी समय का इंतजार न करें। 31 दिसंबर 2025 से पहले यह काम जरूर पूरा कर लें, ताकि 1 जनवरी 2026 से किसी भी तरह की वित्तीय परेशानी से बचा जा सके। आयकर विभाग ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और आसान बना दिया है।
