दुनिया

मियामी हवाई अड्डे पर अमेजन का मालवाहक विमान रनवे से फिसला, 5 लोगों की मौत

अमेजन का एक मालवाहक विमान मियामी हवाई अड्डे के रनवे से फिसलकर कारों से टकरा गया, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई।

Image

मियामी हवाई अड्डे पर पर हादसा

Photo : AP

अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MIA) पर रविवार दोपहर (स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 2:00 बजे) एक भीषण विमान हादसा हो गया। अमेजन प्राइम एयर (Amazon Prime Air) का एक बोइंग 767-300 कार्गो प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और पास की सड़क पर खड़े कई वाहनों से जा टकराया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हो गए।

3 की हालत गंभीर

घायलों में 3 की हालत गंभीर है, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। बाकी 2 घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विमान की चपेट में आए कुछ वाहनों में लोग फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीमों ने बाहर निकाला। हादसे के बाद 60 से ज्यादा फायर-रेस्क्यू यूनिट्स मौके पर पहुंचीं और विमान में लगी आग बुझाने के साथ घायलों का इलाज शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर ईंधन का रिसाव भी हुआ, जिसके चलते राहत और बचाव अभियान जारी रहा।

32 साल पुराना Boeing 767

Amazon ने हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है और कहा है कि कंपनी जांच में स्थानीय अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। विमान का संचालन 21 Air कर रही थी। जानकारी के मुताबिक, हादसे में शामिल विमान 32 साल पुराना Boeing 767 था, जो प्यूर्टो रिको के सैन जुआन (San Juan) से मियामी पहुंचा था। FAA के मुताबिक, विमान ने करीब दोपहर 2 बजे रनवे नंबर 30 पर लैंडिंग की और रनवे से आगे निकल गया।

रनवे से बाहर जाने के बाद विमान ने एयरपोर्ट के कुछ नेविगेशन उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया। हादसे के बाद एयरपोर्ट का ग्राउंड स्टॉप शाम करीब 5 बजे हटा दिया गया, लेकिन विमान रनवे पर मौजूद होने के कारण सोमवार तक ग्राउंड डिले जारी रहने की बात कही गई। NTSB हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है, जबकि FAA विमान के रनवे से बाहर निकलने की परिस्थितियों की जांच करेगा।

विमानन परिचालन पर असर

अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मृतक विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद वाहनों में। हादसे के बाद मियामी एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों का संचालन रोक दिया गया, जिससे लगभग 250 से अधिक उड़ानें प्रभावित और विलंबित हुईं। जांच और आधिकारिक बयानराष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) और संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

NTSB की अध्यक्ष जेनिफर होमेंडी की अगुवाई में जांच टीम मियामी भेजी गई है। अमेजन प्रवक्ता केली नैंटेल ने कहा, हम मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई इस घटना से स्तब्ध और दुखी हैं। हमारी प्राथमिकता प्रभावित लोगों, उनके परिवारों और राहत कर्मियों की मदद करना है। हम स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हादसे के कारणों की जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article