सरकारी कर्मचारियों की लगी लॉटरी! ₹2 करोड़ इंश्योरेंस और लाउंज सुविधा फ्री में मिलेगा, पढ़ें कैसे
- Authored by: यतींद्र लवानिया
- Updated Jan 15, 2026, 05:45 PM IST
केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए नए साल पर बड़ी सौगात आई है। वित्त मंत्रालय के फाइनेंशियल सर्विसेज डिपार्टमेंट ने Composite Salary Account Package लॉन्च किया है। ET की रिपोर्ट के मुताबिक इसमें जीरो-बैलेंस सैलरी अकाउंट के साथ ₹2 करोड़ तक एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर, ₹1.50 करोड़ तक पर्सनल एक्सीडेंट कवर और एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस जैसे प्रीमियम फायदे दिए जा रहे हैं।
केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेगा फायदा (इमेज क्रेडिट, कैन्वा)
यह कंपोजिट सैलरी अकाउंट केंद्र सरकार के सभी कैडर के Group A, Group B और Group C कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक केंद्रीय कर्मचारियों को अपने मौजूदा सैलरी अकाउंट को अपग्रेड या माइग्रेट करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है ताकि वे इस पैकेज के तहत मिलने वाले फायदे ले सकें। हालांकि, यह नीति Group D कर्मचारियों को कवर नहीं करती। साथ ही, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि केंद्र सरकार के स्वायत्त निकायों में काम करने वाले कर्मचारी इस दायरे में आएंगे या नहीं।
जीरो-बैलेंस अकाउंट में कई फ्री सुविधाएं
इस अकाउंट पैकेज का सबसे बड़ा आकर्षण इसका जीरो-बैलेंस सैलरी अकाउंट है। यानी कर्मचारियों को न्यूनतम बैलेंस रखने की बाध्यता नहीं होगी। इसके साथ ही RTGS, NEFT और UPI जैसे डिजिटल पेमेंट मोड पर फ्री रेमिटेंस सुविधा दी जाएगी। चेक से जुड़े बेसिक बैंकिंग फीचर्स भी उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा इस अकाउंट पर लॉकर चार्ज माफ किया जाएगा, यानी कर्मचारियों को लॉकर रेंट नहीं देना होगा। सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि इस अकाउंट में कुछ फैमिली बैंकिंग बेनिफिट्स भी शामिल किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों के परिवार को भी कुछ सुविधाएं मिल सकती हैं।
रियायती ब्याज दरें
इस पैकेज के तहत केंद्रीय कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के लोन पर कंसैशनल यानी रियायती ब्याज दरों का फायदा मिलेगा। इसमें होम लोन, एजुकेशन लोन, व्हीकल लोन और पर्सनल जरूरतों के लिए लोन शामिल हैं। सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि लोन प्रोसेसिंग चार्ज में भी रियायत देने की बात कही गई है। इसका सीधा मतलब यह है कि कर्मचारी कम लागत पर फाइनेंसिंग ले सकेंगे और लोन की कुल लागत घट सकती है।
₹2 करोड़ तक एक्सीडेंट कवर
इस अकाउंट पैकेज को एक मजबूत सुरक्षा पैकेज के तौर पर भी डिजाइन किया गया है। इसमें कर्मचारियों को पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर ₹1.50 करोड़ तक मिलेगा, जबकि एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर ₹2 करोड़ तक दिया जाएगा। इसके अलावा यदि किसी दुर्घटना में स्थायी पूर्ण या आंशिक विकलांगता होती है, तो उस स्थिति में भी ₹1.50 करोड़ तक कवर मिलने की जानकारी दी गई है। यह कवरेज केंद्रीय कर्मचारियों के लिए फाइनेंशियल सिक्योरिटी के लिहाज से एक बड़ा प्लस पॉइंट माना जा रहा है।
टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी मिलेगा
इस अकाउंट में केवल एक्सीडेंट कवर ही नहीं, बल्कि टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक Composite Salary Account में इन-बिल्ट टर्म लाइफ इंश्योरेंस प्रोटेक्शन ₹20 लाख तक होगा। इसके साथ अतिरिक्त टॉप-अप सुविधा भी दी जाएगी, यानी कर्मचारी जरूरत के हिसाब से अपना लाइफ कवर बढ़ा सकते हैं।
हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस पैकेज में कर्मचारियों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस कवरेज भी शामिल किया गया है। यह कवरेज केवल कर्मचारी तक सीमित नहीं होगा, बल्कि इसमें सेल्फ और फैमिली दोनों के लिए व्यापक हेल्थ इंश्योरेंस की व्यवस्था रहेगी। इसमें एक बेस प्लान के साथ टॉप-अप सुविधा भी दी जाएगी ताकि जरूरत पड़ने पर कर्मचारी अपना हेल्थ कवर बढ़ा सकें।
लाउंज एक्सेस और रिवॉर्ड्स
Composite Salary Account के तहत कर्मचारियों को डेबिट और क्रेडिट कार्ड पर भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसमें एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, रिवॉर्ड प्रोग्राम और कैशबैक ऑफर्स जैसे फायदे शामिल हैं। साथ ही अकाउंट में अनलिमिटेड ट्रांजैक्शन की सुविधा होगी और मेंटेनेंस चार्ज नहीं लगेगा। कुल मिलाकर यह पैकेज एक ऐसे सैलरी अकाउंट की तरह पेश किया गया है जिसमें बैंकिंग के साथ-साथ लाइफस्टाइल बेनिफिट्स भी जोड़ दिए गए हैं।
बैंक के हिसाब से अलग हो सकते हैं फीचर्स
हालांकि सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ फीचर्स बैंक और कर्मचारी के स्तर के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर Central Bank of India में Cadre C कर्मचारियों को साल में चार घरेलू और दो इंटरनेशनल लाउंज विजिट का फायदा मिलता है। वहीं Cadre B और Cadre A कर्मचारियों को हर तिमाही दो घरेलू और दो इंटरनेशनल लाउंज विजिट की पात्रता दी गई है। इस वजह से कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि अकाउंट खोलने से पहले वे अलग-अलग बैंकों के फीचर्स की तुलना करें और अपने लिए सबसे उपयुक्त विकल्प चुनें।
ऑल-इन-वन सैलरी अकाउंट मॉडल
Composite Salary Account Package को केंद्रीय कर्मचारियों के लिए एक ऑल-इन-वन सैलरी अकाउंट मॉडल के तौर पर देखा जा रहा है। इसमें जीरो-बैलेंस बैंकिंग सुविधा, कम लागत पर लोन, बड़े इंश्योरेंस कवर और कार्ड बेनिफिट्स एक साथ दिए जा रहे हैं। मौजूदा समय में जब वित्तीय सुरक्षा और डिजिटल बैंकिंग की जरूरत बढ़ रही है, ऐसे में यह पैकेज सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा अपग्रेड साबित हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।