बिजनेस

500 SIP से 25 लाख जुटाना है आसान, बस इस उम्र में करनी होगी शुरुआत

अगर आप आने वाले कुछ सालों में कम पैसे से बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की हो सकती है। सिर्फ 500 रुपये की छोटी-सी SIP भी समय रहते शुरू की जाए तो 25 लाख जैसे बड़े लक्ष्य तक पहुंचना बिल्कुल संभव है। कैसे आइए आपको बताते हैं...

Image

SIP

आज के समय में लगभग हर युवा के मन में एक बड़ा सपना होता है कोई अपना स्टार्टअप शुरू करना चाहता है, कोई खुद का बिजनेस खोलना चाहता है, तो कोई भविष्य के लिए एक मजबूत फंड तैयार करना चाहता है। लेकिन अक्सर लोग यह सोचकर पीछे हट जाते हैं कि निवेश के लिए बड़ी रकम चाहिए। जबकि सच तो यह है कि केवल ₹500 प्रति माह की छोटी-सी SIP भी आपको आने वाले समय में ₹25 लाख या उससे ज्यादा का फंड देने की क्षमता रखती है। इसके लिए बस एक चीज की जरूरत है शुरुआत सही उम्र में करना और उसे लगातार जारी रखना।

500 रुपए की सिप से कैसे बनेगा फंड?

कई फाइनेंशियल एक्सपर्ट बताते हैं कि जीवन में जल्द निवेश शुरू करना करोड़ों रुपये की कमाई का रास्ता खोल देता है। इसे आप ऐसे भी समझ सकते हैं के तौर पर एक 16 साल की छात्रा की SIP कहानी काफी चर्चा में रही, जिसने अपने फ्यूचर बिजनेस के लिए केवल ₹500 की मासिक SIP शुरू की। कम उम्र में ऐसे शुरुआत करने का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि आपके पैसे को 20–25 साल या उससे ज्यादा समय मिलता है कम्पाउंडिंग से बढ़ने का, और कम्पाउंडिंग ही वह जादुई फॉर्मूला है जो छोटी राशि को भी समय के साथ बड़े फंड में बदल देता है।

मान लीजिए आपने ₹500 की SIP 16–18 साल की उम्र में शुरू की। अगर औसत रिटर्न 12–14% सालाना रहा (जो कि इक्विटी म्यूचुअल फंड लंबे समय में दे देते हैं), तो 20–25 साल बाद यह छोटा निवेश ₹20–30 लाख तक का कॉर्पस बना सकता है। यह फंड इतना मजबूत हो सकता है कि इससे आप बिजनेस शुरू करने का पहला कदम उठा सकते हैं, घर की डाउन पेमेंट कर सकते हैं या विदेश में पढ़ाई का खर्च भी जोड़ सकते हैं।

कैसे फंड्स चुने?

अब सवाल यह है कि आखिर ₹500 SIP को किस तरह लगाया जाए? विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय के निवेश के लिए Balanced Advantage Funds या Hybrid Funds से शुरुआत करना बेहतर विकल्प होता है। ये फंड बाजार की स्थिति के अनुसार इक्विटी और डेट दोनों में पैसा लगाते हैं, जिससे जोखिम कम और रिटर्न स्थिर रहता है। शुरुआत में ऐसे फंड में निवेश करने से नया निवेशक बाजार की उतार-चढ़ाव से घबराए बिना निवेश जारी रख सकता है।

जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है और आपकी आय बढ़ने लगती है, आप चाहें तो ₹500 की SIP को ₹750, ₹1,000 या इससे ज्यादा में बदल सकते हैं। SIP की यही खूबी है कि यह जरूरत और कमाई दोनों के हिसाब से एडजस्ट हो जाती है। अगर आप साल-दर-साल अपनी SIP को 10% बढ़ाएं , तो रिटर्न और भी शानदार हो जाता है। यानी सिर्फ शुरुआत ही नहीं, बल्कि उसे समय-समय पर बढ़ाते रहना भी बेहद फायदेमंद होता है।

न करें ये गलती

लेकिन निवेश के साथ अनुशासन रखना भी उतना ही ज़रूरी है। SIP शुरू करने के बाद अक्सर लोग 6–8 महीने में रुक जाते हैं, क्योंकि उन्हें तुरंत बड़ा रिटर्न नहीं दिखता। जबकि म्यूचुअल फंड निवेश में सबसे ज़रूरी चीज होती है धैर्य। अच्छे फंड्स में लगातार 10–15 साल तक SIP जारी रखने वाले निवेशक हमेशा शानदार रिटर्न पाते हैं। इसीलिए एक्सपर्ट हमेशा कहते हैं “Time in the market is more important than timing the market.”

हर माता-पिता को भी अपने बच्चों के लिए कम उम्र में ₹500 की छोटी SIP शुरू कर देनी चाहिए। चाहे बच्चा स्कूल में हो या कॉलेज में, यह निवेश उनके लिए भविष्य में एक मजबूत फंड का आधार बन सकता है। इसमें न तो बड़ी रकम की जरूरत पड़ती है और न ही ज्यादा जोखिम की। बस हर महीने ₹500 निवेश करते रहिए, फिर देखिए कि समय कैसे इस छोटे निवेश को बड़े धन में बदल देता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article