बिजनेस

होम बायर्स ध्यान दें! बिल्डर-बायर एग्रीमेंट में क्या-क्या पढ़ें? ये चेकलिस्ट आएगी काम

घर खरीदते समय सबसे बड़ा धोखा अक्सर कागज़ों में ही छिपा होता है। बिल्डर-बायर एग्रीमेंट में कुछ ऐसे शब्द लिखे होते हैं, जिन्हें अगर आपने सही से नहीं समझा, तो बड़ा नुकसान हो सकता है। खासकर कारपेट एरिया, सुपर बिल्ट-अप एरिया और लोडिंग फैक्टर ये तीन शब्द आपके सपनों के घर का पूरा हिसाब बदल देते हैं। ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि क्या है बिल्डर-बायर एग्रीमेंट क्या है?

Image

Builder Buyer Agreement

अगर आप घर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। भारत में घर खरीदना हर व्यक्ति के लिए एक बड़ा सपना होता है, और इसे पूरा करने के लिए लोग अपनी जीवनभर की कमाई तक निवेश कर देते हैं। लेकिन अक्सर जानकारी की कमी के कारण यही सपना कई बार निराशा और धोखे में बदल जाता है। घर खरीदते समय सबसे जरूरी दस्तावेज़ होता है बिल्डर-बायर एग्रीमेंट, जिसमें कई ऐसी शर्तें होती हैं जिन्हें लोग या तो ठीक से पढ़ते नहीं या समझ नहीं पाते। बिल्डर भी अक्सर इसी एग्रीमेंट में ऐसे शब्द जोड़ देते हैं जिनका उपयोग बाद में खरीदार को भ्रमित करने के लिए किया जाता है। इसलिए किसी भी एग्रीमेंट पर साइन करने से पहले उसके अंदर लिखे तीन शब्दों को समझना बेहद जरूरी है, क्योंकि बिल्डर का सबसे बड़ा खेल इसी में छिपा होता है।

बिल्डर-बायर एग्रीमेंट

सबसे पहला शब्द है कारपेट एरिया। यह वह जगह होती है जिसका आप वास्तव में उपयोग करते हैं। सरल शब्दों में कहें तो घर के अंदर जितनी जगह पर आप “कारपेट बिछा” सकते हैं, वही कारपेट एरिया कहलाती है। इसमें बेडरूम, हॉल, किचन और बाथरूम जैसी सभी उपयोगी जगह शामिल होती है। सरकारी नियम RERA के अनुसार, बिल्डर को फ्लैट की कीमत सिर्फ कारपेट एरिया के आधार पर ही तय करनी चाहिए। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आपके एग्रीमेंट में कीमत और एरिया दोनों कारपेट एरिया के अनुसार ही लिखे हों। यदि बिल्डर इसके बजाय कोई और एरिया बताकर कीमत तय कर रहा है, तो समझ लें कि कुछ गलत हो रहा है।

दूसरा महत्वपूर्ण शब्द है सुपर बिल्ट-अप एरिया। जब हम किसी प्रोजेक्ट की ब्रॉशर देखते हैं, तो अक्सर बड़ा-सा एरिया लिखा नजर आता है जैसे 1200 Sq.ft. या 1500 Sq.ft. लेकिन यह पूरी जगह आपको रहने के लिए नहीं मिलती। इसका कारण यह है कि यह सुपर बिल्ट-अप एरिया होता है। इसमें कारपेट एरिया के अलावा दीवारों की मोटाई, बालकनी, कॉमन एरिया, कॉरिडोर, लिफ्ट का हिस्सा, गार्डन या क्लब हाउस जैसे कई साझा हिस्सों का भी अनुपात जोड़ दिया जाता है। ऐसे में ग्राहक सोचता है कि उसे बड़ा फ्लैट मिल रहा है, लेकिन वास्तव में उसकी उपयोग करने वाली जगह काफी कम होती है।

कार्पेट एरिया और सुपर बिल्ट एरिया

तीसरा और सबसे पेचीदा शब्द है लोडिंग फैक्टर। यह कारपेट एरिया और सुपर बिल्ट-अप एरिया के बीच का अंतर होता है। इसका एक सरल फॉर्मूला है सुपर बिल्ट-अप एरिया = कारपेट एरिया × (1 + लोडिंग फैक्टर)। यानी जितना ज्यादा लोडिंग फैक्टर होगा, उतनी ही कम कारपेट एरिया आपको मिलेगा, और उतना ही ज्यादा पैसा आपको चुकाना पड़ेगा। कई बिल्डर्स 25%, 30% यहां तक कि 40% तक लोडिंग फैक्टर रखते हैं। उदाहरण के लिए अगर बिल्डर कहता है कि फ्लैट का सुपर एरिया 1200 Sq.ft. है, तो असली कारपेट एरिया सिर्फ 750 से 850 Sq.ft. ही होता है। यानी आप पैसे एक बड़े घर के दे रहे हैं, लेकिन असल में आपको छोटा घर मिल रहा होता है।

RERA ने इन सब समस्याओं को देखते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी फ्लैट की बिक्री केवल कारपेट एरिया के आधार पर ही होनी चाहिए। इसका मकसद ग्राहकों को पारदर्शिता और सुरक्षा देना है। इसलिए एग्रीमेंट में सबसे पहले यह देखें कि बिल्डर ने कीमत किस आधार पर बताई है कारपेट एरिया के हिसाब से या सुपर बिल्ट-अप एरिया के नाम पर। यदि एग्रीमेंट में कोई अस्पष्ट शब्द लग रहा हो या आंकड़े समझ में न आ रहे हों, तो उस पर तुरंत सवाल उठाएं और बिना समझे कभी साइन न करें।

कई बिल्डर सुपर बिल्ट-अप एरिया को “सेलएबल एरिया” बताकर फायदेमंद दिखाते हैं, जबकि असली फायदा हमेशा उन्हीं को होता है। ग्राहक को लगता है कि वह 1200 Sq.ft. का घर खरीद रहा है, लेकिन जब रहने जाता है तो पता चलता है कि जगह तो सिर्फ 800 Sq.ft. ही है। यह फर्क सिर्फ इसलिए आता है क्योंकि खरीदार ने कारपेट एरिया, सुपर बिल्ट-अप और लोडिंग फैक्टर को ठीक से नहीं समझा।

इसलिए अगर आप घर खरीदने जा रहे हैं तो इन तीन शब्दों कारपेट एरिया, सुपर बिल्ट-अप एरिया और लोडिंग फैक्टर को अच्छी तरह समझें। बिल्डर-बायर एग्रीमेंट को धैर्य से पढ़ें, जरूरत पड़े तो किसी विशेषज्ञ से सलाह लें, और यह सुनिश्चित करें कि कीमत सिर्फ कारपेट एरिया के आधार पर ही तय की गई हो। सही जानकारी और सावधानी आपकी जीवनभर की कमाई को सुरक्षित रख सकती है और आपके सपनों का घर सच में आपका सुखद आशियाना बन सकता है, न कि एक बुरा सपना।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article