क्रिकेट

अलग मैच तो नहीं देख लिया, 55 पर ऑलआउट होने के बाद कोच वहाब ने बताया अपनी टीम को बेस्ट

भारत के खिलाफ हार के बाद जितनी चर्चा पाकिस्तान टीम की नहीं हुई, उससे ज्यादा कोच के बयान को लेकर हो रही है। करारी शिकस्त झेलने के बाद टीम के कोच ने फातिमा सना एंड कंपनी को बेस्ट टीम बताया।

Image

पाकिस्तान विमेंस टीम (साभार-x)

शनिवार को एशिया कप में पाकिस्तान की विमेंस टीम हरमन एंड ब्रिगेड के सामने 55 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टी20 में किसी भी फुल मेंबर टीम का सबसे लो-स्कोर था। पाकिस्तान की खराब बल्लेबाजी का आलम ये रहा कि 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। भारत ने जरूरी रन 3 विकेट खोकर 9वें ओवर में ही बना लिए और 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली। भारत ने एशिया कप में जीत की हैट्रिक लगाकर सेमीफाइनल में अपनी जगह भी पक्की कर ली। भारतीय स्पिन गेंदबाजी का जवाब पाकिस्तान के किसी भी बैटर के पास नहीं था।

लेकिन पता नहीं पाकिस्तान टीम के कोच वहाब रियाज ने कौन सा अलग मैच देख लिया जो अब भी अपनी टीम को एशिया कप 2026 की बेस्ट टीम बता रहे हैं। मैच खत्म होने के बाद वहाब ने कहा 'मुझे अब भी विश्वास है कि पाकिस्तान इस एशिया कप में ट्रॉफी जीतने वाली सर्वश्रेष्ठ टीम है क्योंकि परिस्थितियां वास्तव में हमारे अनुकूल है।'

उन्होंने आगे कहा 'हम वापस इस बात पर गहन चर्चा करेंगे कि हमने भारत के खिलाफ क्या गलती की। हम कोशिश करेंगे कि आगे इसी गलती को ना दोहराएं।'

पाकिस्तान के कोच के इस बयान पर सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हो रही है। फैंस ये आरोप लगा रहे हैं कि क्या कोच अब भी टीम के प्रदर्शन से परेशान नहीं हैं। आपको बता दें कि भारतीय टीम लगातार 3 मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है जबकि सेमीफाइनल में दूसरी टीम कौन जाएगी, इसको लेकर संघर्ष जारी है। लेकिन इतना तय है कि पाकिस्तान टीम का सफर खत्म हो चुका है।

हालांकि, पाकिस्तान को अब भी अपना आखिरी लीग मुकाबला खेलना है। यह मुकाबला 7 सितंबर यानी सोमवार को होगा जब पाकिस्तान की टीम दुबई के मैदान पर हांगकांग से भिड़ेगी। हांगकांग को भारत ने 137 रन के अंतर से हराया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article