बिजनेस

3 दिन तक किसी भी ATM से फ्री में निकालें कैश, नहीं लगेगा कोई चार्ज

28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल के बीच ग्राहकों को ATM कैश निकालने में राहत मिलेगी। सरकारी बैंकों ने तय मुफ्त सीमा से ज्यादा ATM ट्रांजैक्शन पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क अस्थायी रूप से माफ करने का फैसला किया है।

Image

3 दिन तक किसी भी ATM से फ्री में निकालें कैश, नहीं लगेगा कोई चार्ज

देशभर में 28 से 30 सितंबर तक सरकारी और प्राइवेट बैंकों में तीन दिवसीय हड़ताल का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में ग्राहकों को राहत देने के लिए कई सरकारी बैंकों ने ATM से कैश निकालने को लेकर बड़ा फैसला किया है। हड़ताल के इन तीन दिनों के दौरान ग्राहकों को तय मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन लिमिट से ज्यादा बार कैश निकालने पर लगने वाला अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। यानी बैंक ग्राहकों को इन तीन दिनों में ATM से पैसे निकालने पर एक्स्ट्रा चार्ज से राहत मिलेगी।

दरअसल, बैंक हड़ताल के दौरान ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सरकारी बैंकों ने यह कदम उठाया है। इस फैसले के तहत ग्राहक अपने बैंक के ATM के अलावा दूसरे बैंकों के ATM से भी कैश निकाल सकेंगे। अगर कोई ग्राहक सामान्य तौर पर तय की गई मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन सीमा को पार करता है, तो उसे अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। हालांकि, 28 से 30 सितंबर तक इस अतिरिक्त शुल्क को अस्थायी तौर पर माफ किया गया है।

इस फैसले की जानकारी कई सरकारी बैंकों ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों के साथ साझा की है। इनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक समेत कई सरकारी बैंक शामिल हैं। इन बैंकों के ग्राहकों को हड़ताल के दौरान ATM से कैश निकालने में यह सुविधा मिल सकेगी।

क्या है ATM से कैश निकालने का नियम?

RBI के मौजूदा नियमों के अनुसार, ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने एक तय संख्या तक मुफ्त कैश ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। आम तौर पर अपने बैंक के ATM से 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। वहीं, दूसरे बैंक के ATM से बड़े शहरों में महीने में 3 और अन्य जगहों पर 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन किए जा सकते हैं। इस तय सीमा के बाद ATM से कैश निकालने या अन्य ट्रांजैक्शन करने पर बैंक ग्राहक से अतिरिक्त शुल्क वसूल सकता है।

लेकिन 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल के दौरान ग्राहकों को इस अतिरिक्त शुल्क से राहत देने का फैसला किया गया है। इसका मतलब है कि इन तीन दिनों में अगर कोई ग्राहक मुफ्त ट्रांजैक्शन की सामान्य सीमा से ज्यादा बार ATM का इस्तेमाल करता है, तो उस पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा। हालांकि, ग्राहकों को अपने संबंधित बैंक की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी और शर्तों को जरूर देख लेना चाहिए।

क्यों हो रही है बैंक हड़ताल?

बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। बैंक कर्मचारियों से जुड़े संगठनों के मुताबिक, इस हड़ताल में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी शामिल होंगे।

इस हड़ताल में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के कर्मचारियों के भी शामिल होने की बात कही गई है। ऐसे में बैंक शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, ATM और डिजिटल बैंकिंग जैसी सेवाओं के जरिए ग्राहकों को जरूरी लेनदेन करने में मदद मिल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कई सरकारी बैंकों ने हड़ताल के दौरान ATM कैश निकासी पर अतिरिक्त शुल्क माफ करने की घोषणा की है।

ग्राहकों के लिए यह राहत केवल 28 से 30 सितंबर की अवधि के लिए है। इसलिए अगर आपको इन दिनों कैश की जरूरत है, तो ATM से पैसे निकालते समय अपने बैंक की ओर से जारी ताजा सूचना जरूर जांच लें।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article