बिजनेस

Bank Strike: इस महीने दो दिन रहेगी बैंक हड़ताल, लगातार 4 दिनों तक नहीं होगा काम

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Jan 13, 2023, 12:44 PM IST

Bank Strike: बैंक हड़ताल के दिन ग्राहकों को कई दिक्कतें हो सकती हैं। हालांकि ग्राहकों के लिए ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम (ATM) की सर्विस पहले की तरह ही चालू रहेंगी।

Image

Bank Strike: इस महीने दो दिन रहेगी बैंक हड़ताल, लगातार 4 दिनों तक नहीं होगा काम

Photo : BCCL

नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत के साथ ही कई ऐसे काम भी होते हैं जिन्हें हमें निपटाना होता है। इनमें बैंक के काम भी शामिल है। वैसे तो आजकल बैंक के अधिकतर काम ऑनलाइन ही हो जाते हैं, लेकिन फिर भी कई चीजों के लिए बैंक जाना ही होता है। अगर आपका भी कोई काम पेंडिंग है तो इसे जल्दी पूरा कर लें। ऐसा इसलिए क्योंकि इस महीने सिर्फ त्योहारों की वजह से ही नहीं, बल्कि बैंक स्ट्राइक (Bank Strike) की वजह से भी बैंक बंद रहेंगे। आइए जानते हैं कि देश में किस दिन बैंकों की हड़ताल है।

इन तारीखों को बैंक हड़ताल

कई बैंक यूनियनों की संस्था यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) अपनी कई मांगों के लिए दबाव बना रहा है। इसके लिए यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 30 जनवरी से दो दिन की बैंक हड़ताल की घोषणा की है। यानी इस महीने 30 और 31 को बैंकों में हड़ताल रहेगी। इसकी जानकारी अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (AIBEA) के एक शीर्ष अधिकारी ने दी है। मालूम हो कि इसका फैसला गुरुवार को मुंबई में हुई यूएफबीयू की बैठक में लिया गया था। मामले में एआईबीईए के महासचिव सीएच वेंकटचलम ने कहा कि पत्रों के बाद भी हमारी मांगों पर भारतीय बैंक संघ (IBA) की कोई प्रतिक्रिया नहीं है। ऐसे में अब आंदोलन को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया है। 30 जनवरी 2023 और 31 जनवरी 2023 को हड़ताल का आह्वान करने का फैसला लिया गया है।

क्यों हो रही है हड़ताल?

इस बैंक हड़ताल के एक दो नहीं, बल्कि कई कारण हैं। पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग की जा रही है। इसके साथ ही पेंशन (Pension) का अपडेशन, रेजिडुअल मुद्दे, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) को खत्म करना, वेतन संशोधन के मांगों के चार्टर पर बातचीत की तत्काल शुरुआत और पर्याप्त भर्ती की भी मांग की जा रही है।

लगातार चार दिनों तक नहीं होगा बैंकों में काम

ग्राहकों को यह नोट कर लेना चाहिए कि हड़ताल तो सिर्फ दो दिनों की ही है, लेकिन देशभर में बैंकों में लागातार चार दिनों तक काम नहीं होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि 30 जनवरी से पहले 28 और 29 तारीख को साप्ताहिक अवकाश (Bank Holiday) है। 28 जनवरी 2023 को महीने का चौथा शनिवार है और हर महीने दूसरे व चौथे शनिवार को बैंकों में कामकाज नहीं होता है। इसलिए इस दिन बैंक बंद होगा। वहीं 29 जनवरी 2023 को रविवार के दिन भी बैंकों की छुट्टी होती है।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article