बिजनेस

2000 रुपये के नोटों पर RBI का ताजा खुलासा, अभी वक्त है कर लें ये काम

2000 Rupee Notes Update: भारतीय रिजर्व बैंक ने बताया कि 2,000 रुपये के 98.41 प्रतिशत नोट अब बैंकों में वापस आ चुके हैं। आरबीआई ने 19 मई 2023 को इन नोटों को चलन से हटाने की घोषणा की थी। उस समय 3.56 लाख करोड़ रुपये के नोट चलन में थे, जो घटकर अब 5,669 करोड़ रुपये रह गए हैं।

Image

बैंकों में लौट आए 2,000 रुपये के करीब सभी नोट: आरबीआई (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

2000 Rupee Notes Update : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बताया है कि 2,000 रुपये के नोटों में से करीब सभी नोट अब बैंकिंग सिस्टम में वापस आ चुके हैं। केंद्रीय बैंक के अनुसार, कुल जारी किए गए नोटों में से 98.41 प्रतिशत नोट वापस लौट चुके हैं। अब केवल 5,669 करोड़ रुपये मूल्य के 2,000 के नोट ही लोगों के पास बचे हुए हैं।

मई 2023 में लिया गया था बड़ा फैसला

आरबीआई ने 19 मई 2023 को 2,000 रुपये के नोटों को चलन से हटाने का फैसला किया था। हालांकि, इन्हें अमान्य नहीं किया गया, बल्कि धीरे-धीरे बाजार से वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की गई। लोगों को इन नोटों को बैंक में जमा करने या बदलने का पूरा मौका दिया गया।

पहले कितनी थी 2,000 रुपये के नोटों की वैल्यू

आरबीआई के मुताबिक, जब 19 मई 2023 को 2,000 रुपये के नोटों को वापस लेने की घोषणा हुई थी, उस समय इन नोटों का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपये था। अब यह रकम घटकर सिर्फ 5,669 करोड़ रुपये रह गई है। इससे साफ है कि लोगों ने बड़ी संख्या में ये नोट बैंकों में जमा कर दिए हैं।

98.41 प्रतिशत नोट लौटे बैंकिंग सिस्टम में

केंद्रीय बैंक ने कहा कि अब तक जारी किए गए कुल 2,000 रुपये के नोटों में से 98.41 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं। यह आंकड़ा दिखाता है कि नोट वापसी की प्रक्रिया काफी हद तक सफल रही है और लोगों ने आरबीआई के निर्देशों का पालन किया है।

बैंक शाखाओं में सुविधा कब तक रही

2,000 रुपये के नोट जमा करने या बदलने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 तक देश की सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध कराई गई थी। इस दौरान आम लोगों ने बड़ी संख्या में अपने पुराने नोट बैंकों में जमा किए या उन्हें छोटे मूल्य के नोटों से बदला।

आरबीआई कार्यालयों में अब भी सुविधा

हालांकि बैंक शाखाओं में यह सुविधा खत्म हो चुकी है, लेकिन आरबीआई के 19 निर्गम कार्यालयों में अब भी 2,000 रुपये के नोट बदले या जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा, 9 अक्टूबर 2023 से आरबीआई के ये कार्यालय लोगों और संस्थाओं से नोट लेकर उन्हें सीधे उनके बैंक खातों में जमा कर रहे हैं।

डाकघर के जरिए भी नोट जमा करने का विकल्प

आरबीआई ने लोगों की सुविधा के लिए एक और विकल्प दिया है। अब लोग डाकघर के माध्यम से भी 2,000 रुपये के नोट आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय में भेज सकते हैं। भेजे गए नोटों की रकम सीधे संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते में जमा कर दी जाती है।

2000 रुपये के नोट अभी भी वैध

आरबीआई ने साफ किया है कि 2,000 रुपये के नोट अब भी वैध मुद्रा हैं। यानी इन्हें गैरकानूनी या अमान्य नहीं घोषित किया गया है। गौरतलब है कि ये नोट नवंबर 2016 की नोटबंदी के बाद जारी किए गए थे, जब 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोट बंद कर दिए गए थे। अब आरबीआई धीरे-धीरे इन नोटों को चलन से बाहर कर रहा है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article