बिजनेस

पश्चिम बंगाल के रुझानों से झूमा ये स्टॉक, BJP के वादों से फायदे की उम्मीद, 8% उछला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के रुझानों से Baazar Style Retail के शेयर में 8% की जोरदार तेजी आई है। रुझानों में में BJP को बहुमत मिलता दिख रहा है। कंपनी को BJP के वादों से उम्मीद है।

Image

बाजार स्टायल रिटेल में ताबाड़तोड़ तेजी

Baazar Style Retail Stock : भारतीय शेयर बाजार के लिए 4 मई का दिन काफी हलचल भरा रहा है। एक तरफ जहां सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार छलांग लगाई है, वहीं दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों ने एक खास रिटेल शेयर की किस्मत बदल दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की शुरुआती बढ़त के बाद 'बाज़ार स्टाइल रिटेल लिमिटेड' (Baazar Style Retail Ltd) के शेयरों में करीब 8% की तूफानी तेजी दर्ज की गई है, और यह शेयर ₹421 के स्तर के करीब पहुंच गया।

40% का शानदार रिटर्न

निवेशकों के नजरिए से देखें तो यह स्टॉक इस महीने के सबसे बड़े मल्टीबैगर के रूप में उभर रहा है। पिछले एक महीने के भीतर इस शेयर ने 40% से अधिक की उड़ान भरी है, जबकि साल-दर-साल (YTD) आधार पर यह 53% से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है। कंपनी का मार्केट कैप अब 3.11 हजार करोड़ रुपये के पार निकल गया है, जो इसकी मजबूत बाजार स्थिति को दर्शाता है।

बंगाल चुनाव के वादे टर्निंग पॉइंट

स्टाइल बाजार (Style Baazar) के नाम से पूर्वी भारत और पश्चिम बंगाल में अपना कारोबार चलाने वाली इस रिटेल चेन को चुनाव परिणामों से सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए 3,000 रुपये प्रति माह की प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) योजना और राज्य कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग को लागू करने का वादा किया गया है। विश्लेषकों का मानना है कि इन वादों से बंगाल के लोगों की खर्च करने योग्य आय में बढ़ोतरी होगी, जिससे बाज़ार स्टाइल रिटेल जैसे बजट-फ्रेंडली ब्रांड्स की बिक्री में जोरदार इजाफा होगा।

बंगाल में मजबूत पकड़

बाज़ार स्टाइल रिटेल लिमिटेड, जो 'स्टाइल बाज़ार' (Style Baazar) के नाम से अपने स्टोर का संचालन करती है, पूर्वी भारत और विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में एक प्रमुख वैल्यू फैशन रिटेल चेन है। कंपनी के पास पूरे पूर्वी भारत में 250 से अधिक स्टोरों का एक बड़ा नेटवर्क है। ये आम जनता के लिए किफायती दामों पर परिधान और सामान्य घरेलू सामान बेचते हैं। बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये वादे पूरे होते हैं, तो इससे बंगाल के लोगों की खर्च योग्य आय (Disposable Income) बढ़ेगी, जिसका सीधा और सबसे बड़ा फायदा स्टाइल बाज़ार जैसे बजट-फ्रेंडली रिटेलर्स को मिलेगा।

बाजार का नजरिया और सतर्कता

हालांकि इस तेजी को लेकर विशेषज्ञ निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह भी दे रहे हैं। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने ET Now पर इसे लेकर कहा, “आज के बाजार की हलचल राज्य के चुनाव नतीजों से प्रभावित दिख रही है, लेकिन इसका असर बहुत ही कम समय के लिए (Short-term sentimental impact) रहेगा।” वास्तविक बाजार रुझान आने वाले दिनों में पश्चिम एशिया (West Asia) के घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों से ही तय होंगे।

डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article