Weekly Pay: अब महीने के आखिर में नहीं, बल्कि हर हफ्ते मिलेगी सैलरी, इस कंपनी ने किया ऐलान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 7, 2022, 04:08 PM IST

Weekly Pay: क्या आपने कभी सोचा है कि आपको महीने में एक बार नहीं, बल्कि हर हफ्ते सैलरी मिलेगी? एक भारतीय कंपनी वीकली पे पॉलिसी को अपनाने जा रही है।

Weekly Pay: अब महीने के आखिर में नहीं, बल्कि हर हफ्ते मिलेगी सैलरी, इस कंपनी ने किया ऐलान
Photo Credit: Twitter

Weekly Pay: नौकरीपेशा लोगों की सैलरी कब खत्म हो जाती है पता ही नहीं चलता। ज्यादातर लोगों को महीने के अंत का इंतजार होता है क्योंकि तब उन्हें अपनी सैरली मिलती है। महंगाई के इस दौर में अपने खर्चे पूरे करना आसान नहीं है। ऐसे में अपने कर्मचारियों की दिक्कतों को समझते हुए बी2बी ई-कॉमर्स फर्म इंडियामार्ट (IndiaMART) ने बड़ी घोषणा की है।

इंडियामार्ट के कर्मचारियों को अब सैलरी के लिए महीने के आखिरी दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें हर हफ्ते भुगतान सैलरी मिलेगी। जी हां, कंपनी ने हर हफ्ते सैलरी देने वाली नई पे पॉलिसी (Weekly Pay Policy) का एलान किया है। अपने कर्मचारियों की वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, कंपनी ने कहा कि इस कदम से कर्मचारियों पर वित्तीय बोझ कम होगा और वे बेहतर काम करने के लिए प्रेरित होंगे।

सीईओ ने दी जानकारी
इंडियामार्ट के सीईओ दिनेश अग्रवाल ने ट्वीट किया कि, 'फ्लेक्सिबल वर्क कल्चर बनाने और हमारे कर्मचारियों के वित्तीय कल्याण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, इंडियामार्ट वेतन का साप्ताहिक भुगतान अपनाने वाला पहला भारतीय संगठन बन गया है।' कंपनी ने दावा किया है कि ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय कंपनी है। फिलहाल उसने वेतन भुगतान के मेकैनिज्म या वेसैलरी ब्रेक-अप (Salary break-up) के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

कंपनी में कुल 3,560 कर्मचारी
मालूम हो कि ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, हांगकांग और अमेरिका जैसे देशों में पहले से कर्मचारियों को हर हफ्ते सैलरी देने का तंत्र मौजूद है। 31 मार्च 2021 तक, कंपनी में कुल 3,560 कर्मचारी हैं, जिनमें से 2,724 स्थायी हैं जबकि 836 अस्थायी या कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर हैं। IndiaMART की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के कर्मचारियों का औसत रिम्यूनिरेशन 4,74,996 रुपये था।

End of Article