Share bazaar Today : सेंसेक्स अब तक के उच्चस्तर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 24, 2021, 04:59 PM IST

भारतीय शेयर बाजार लगातार नई ऊंचाई को पार करता जा रहा है। बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है।

Share bazaar Today : सेंसेक्स अब तक के उच्चस्तर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

मुंबई : अंतरराष्ट्रीय बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयरों में लाभ से मंगलवार को सेंसेक्स 403 अंक की छलांग के साथ अपने नए उच्चस्तर पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 403.19 अंक या 0.73 प्रतिशत के लाभ से अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 55,958.98 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 128.15 अंक या 0.78 प्रतिशत के लाभ के साथ 16,624.60 अंक के अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व का शेयर आठ प्रतिशत चढ़ गया। टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर नेस्ले इंडिया, इन्फोसिस, एचडीएफसी तथा एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट आई।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बड़े बाजारों में मजबूत सुधार तथा अनुकूल वैश्विक रुख से दलाल स्ट्रीट में धारणा बेहतर हुई। धातु, बैंकिंग और रियल्टी शेयरों की अगुवाई में बाजार चढ़ गया। नायर ने कहा कि अमेरिका खाद्य एवं दवा प्रशासन ने फाइजर और बायोएनटेक के कोविड-19 टीके को पूर्ण मंजूरी दे दी है। इससे टीकाकरण तेज होने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का कहना है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को महत्वाकांक्षी छह लाख करोड़ रुपए की राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन (एनएमपी) का अनावरण किया। इससे भी बाजार धारणा को बल मिला। अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की तथा दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए।

दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख था। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
 

End of Article